महाराष्ट्र

एल्यूमिनियम फैक्ट्री में भीषण विस्फोट और आग, 5 मजदूरों की मौत, 87 कर्मचारी थे अंदर मौजूद

महाराष्ट्र के नागपुर जिले के उमरेड MIDC क्षेत्र में स्थित एक एल्युमिनियम फॉयल फैक्ट्री में शुक्रवार शाम भीषण विस्फोट के बाद आग लग गई। हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई घायल हुए हैं। फैक्ट्री में विस्फोट के वक्त 87 कर्मचारी मौजूद थे। पॉलिश ट्यूबिंग यूनिट में हुए धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण एसपी हर्ष पोद्दार ने घटना की पुष्टि की और बताया कि आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को कई घंटे लगे।

—————————————————————

नागपुर ( शिखर दर्शन ) //
शुक्रवार शाम करीब 7 बजे नागपुर के उमरेड MIDC क्षेत्र में स्थित एल्युमिनियम फॉयल बनाने वाली एक फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि उसका धुंआ एक किलोमीटर दूर से भी साफ नजर आ रहा था।

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार ने बताया कि हादसे के वक्त फैक्ट्री में लगभग 87 कर्मचारी काम कर रहे थे। धमाके के तुरंत बाद तीन लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य कर्मचारियों ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। घायलों को नागपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

एसपी हर्ष पोद्दार ने जानकारी दी कि यह विस्फोट फैक्ट्री की पॉलिश ट्यूबिंग यूनिट में हुआ था। आग लगने के बाद दमकल विभाग को तत्काल सूचना दी गई, जिसके बाद कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बताया गया कि फैक्ट्री में मौजूद एल्युमिनियम पाउडर की वजह से आग और अधिक भड़क गई थी, जिससे बचाव कार्य में अतिरिक्त कठिनाइयाँ आईं।

इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय विधायक संजय मेश्राम और पूर्व विधायक राजू परवे घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से जांच के आदेश दे दिए गए हैं और घटना के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।

यह हादसा औद्योगिक सुरक्षा और फैक्ट्री प्रबंधन में गंभीर खामियों की ओर इशारा करता है। मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे और अन्य सहायता की मांग भी उठ रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!