रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज: पांच जिलों में अलर्ट, हल्की बारिश और अंधड़ की संभावना

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दाब के क्षेत्र, साइक्लोनिक सर्कुलेशन, पश्चिमी विक्षोभ और द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश का मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने आगामी पांच दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में मेघ गर्जन, तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्र के अनुसार, शुक्रवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा अथवा छींटे पड़ सकते हैं। इसके साथ ही कई जगहों पर अंधड़ और वज्रपात की भी आशंका बनी हुई है। हालांकि तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में बना निम्न दाब का क्षेत्र ऊपरी हवा के चक्रीय चक्रवात के साथ मध्य क्षोभ मंडल तक फैला है। यह प्रणाली उत्तर-उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ते हुए धीरे-धीरे कमजोर पड़ सकती है और मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर पहुंचने की संभावना है।

राजधानी में बादल छाए रहेंगे, बारिश की हल्की संभावना
राजधानी रायपुर में भी आज आसमान मुख्यतः मेघमय रहने के आसार हैं। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

पांच जिलों के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह राज्य के पांच जिलों में अगले तीन घंटों के भीतर गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की बारिश की चेतावनी जारी की है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।

मौसम की यह बदलती चाल किसानों और आमजन के लिए राहत लेकर आ सकती है, लेकिन अंधड़ और वज्रपात जैसी स्थितियों से सतर्कता भी जरूरी है। मौसम विभाग लगातार परिस्थितियों पर नजर बनाए हुए है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!