“दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आएंगे केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी, मुख्यमंत्री साय का आज महासमुंद दौरा, “सुशासन तिहार” का आज तीसरा दिन, रायपुर में आज निकलेगी सद्भावना बाइक रैली… पढ़ें और भी खबरें”

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में आज का दिन अनेक महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और यात्राओं से भरपूर है। केंद्रीय कोयला एवं खनन मंत्री जी. किशन रेड्डी दो दिवसीय दौरे पर प्रदेश पहुंच रहे हैं, वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय धमतरी और महासमुंद जिलों की यात्रा पर रहेंगे। इसके अलावा प्रदेशभर में “सुशासन तिहार” का तीसरा दिन मनाया जा रहा है। रायपुर में सद्भावना बाइक रैली और योग संस्थान का स्थापना दिवस सहित कई धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी का छत्तीसगढ़ दौरा
केंद्रीय कोल एवं खनन मंत्री जी. किशन रेड्डी आज से दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। वे इस दौरान एसईसीएल की सबसे बड़ी कोयला खदान गेवरा का निरीक्षण और समीक्षा करेंगे। यह दौरा नव नियुक्त सीएमडी हरीश दुहन के पदभार ग्रहण के बाद कोयला मंत्री का पहला दौरा होगा। मंत्री रेड्डी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से भी औपचारिक मुलाकात करेंगे।
मुख्यमंत्री साय का धमतरी और महासमुंद दौरा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज धमतरी और महासमुंद जिलों के दौरे पर रहेंगे। वे दोपहर 12:20 बजे मुख्यमंत्री निवास से रवाना होकर 12:55 बजे धमतरी पहुंचेंगे। वहां वे आदिवासी जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह और कंवर पैंकरा महासभा में भाग लेंगे।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री 3:10 बजे धमतरी से बागबाहरा, महासमुंद के लिए रवाना होंगे और 3:45 बजे ग्राम खल्लारी में आयोजित आदिवासी समाज महासभा में शामिल होंगे। दौरे का समापन 5:15 बजे रायपुर वापसी के साथ होगा।
सुशासन तिहार का तीसरा दिन
प्रदेश में आज “सुशासन तिहार” का तीसरा दिन है। यह तीन चरणों में आयोजित हो रहा है:
- पहला चरण (8–11 अप्रैल): जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन एकत्रित किए जा रहे हैं।
- दूसरा चरण: एक माह के भीतर आवेदनों का निराकरण किया जाएगा।
- तीसरा चरण (5–31 मई): समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्री, मुख्य सचिव और प्रभारी सचिव उपस्थित रहेंगे। साथ ही प्रेस कॉन्फ्रेंस और समीक्षा बैठकें भी होंगी।
भारतीय योग संस्थान का स्थापना दिवस
भारतीय योग संस्थान, रायपुर आज अपना 59वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस अवसर पर सुबह 5:45 से 7:45 बजे तक सुभाष स्टेडियम, नलघर चौक में विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सद्भावना बाइक रैली
छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज द्वारा आज दोपहर 3 बजे से मोवा मैदान से इंडोर स्टेडियम तक सद्भावना बाइक रैली निकाली जाएगी। इसका उद्देश्य समाज में सौहार्द और एकता को बढ़ावा देना है।
पंचकल्याणक पूजा
जैन दादाबाड़ी, एमजी रोड रायपुर में आज सुबह 10:30 बजे से भगवान महावीर की पंच कल्याणक पूजा का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में इस आयोजन में सम्मिलित हो रहे हैं।