छत्तीसगढ़ में आज से ‘सुशासन तिहार’ की शुरुआत, मुख्यमंत्री लेंगे समीक्षा बैठक, पोल्ट्री कॉन्क्लेव दो दिवसीय आयोजन के साथ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन — जानें दिनभर की प्रमुख खबरें

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में आज से ‘सुशासन तिहार’ की औपचारिक शुरुआत हो गई है। प्रदेशभर में यह आयोजन जनता की समस्याओं के समाधान और शासन को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। तीन चरणों में चलने वाला यह अभियान 31 मई तक चलेगा। पहले चरण में 8 अप्रैल से 11 अप्रैल तक ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में आम जनता से आवेदन लिए जाएंगे। साथ ही, ऑनलाइन पोर्टल और कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से भी शिकायतें और सुझाव दर्ज किए जा सकेंगे। विकासखंड और जिला मुख्यालयों में समाधान पेटियां भी स्थापित की गई हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज विभिन्न कार्यक्रमों में लेंगे भाग
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर में कई अहम कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। वे दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में समीक्षा बैठक लेंगे। इसके पश्चात वे पंडित दीनदयाल ऑडिटोरियम में आयोजित विशाल बंजारा महाकुंभ कार्यक्रम में भाग लेंगे और दोपहर 2 बजे वापस लौटेंगे।
दुर्ग कांड को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन आज
दुर्ग में मासूम बच्ची से दुष्कर्म और हत्या की दर्दनाक घटना के विरोध में कांग्रेस आज प्रदेशभर में प्रदर्शन करेगी। पार्टी ने सभी जिला एवं शहर मुख्यालयों में विरोध कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। कांग्रेस ने महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाते हुए प्रदेश के गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग की है।
रायपुर में आज से दो दिवसीय पोल्ट्री कॉन्क्लेव शुरू
राजधानी रायपुर में आज से दो दिवसीय पोल्ट्री कॉन्क्लेव की शुरुआत हो रही है, जिसका आयोजन आईबी ग्रुप द्वारा किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में देशभर के पोल्ट्री व्यवसायियों और किसानों की भागीदारी रहेगी। सम्मेलन में व्यवसाय को विस्तार देने और छत्तीसगढ़ को भारत का पहला प्रोटीन हब बनाने पर मंथन किया जाएगा।
छात्रवृत्ति परीक्षा के मॉडल उत्तर पर आपत्तियां 9 अप्रैल तक
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा के मॉडल उत्तर जारी कर दिए गए हैं। परीक्षार्थी यदि उत्तरों पर आपत्ति जताना चाहें तो 9 अप्रैल शाम 5.30 बजे तक दावा-आपत्ति दाखिल कर सकते हैं। यह आवेदन मंडल के रायपुर स्थित कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा। समय सीमा के बाद प्राप्त या ईमेल से भेजी गई आपत्तियों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
केसदा रेलवे गेट पर रोड अंडर ब्रिज से आवागमन शुरू
मुंबई-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग के तिल्दा-हथबंद स्टेशन के मध्य स्थित केसदा समपार फाटक क्रमांक 393 पर निर्मित रोड अंडर ब्रिज का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। इसे आम नागरिकों के आवागमन के लिए खोल दिया गया है, जिससे क्षेत्रीय यातायात में सुविधा और सुगमता आएगी।