अन्तर्राष्ट्रीय

श्रीलंका दौरे पर पीएम मोदी को मिला ‘मित्र विभूषण’ सम्मान, कहा – यह 140 करोड़ भारतीयों का गौरवभारत और श्रीलंका के बीच रक्षा समेत 7 अहम समझौतों पर बनी सहमति

कोलंबो (शिखर दर्शन) // प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर श्रीलंका पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। यह उनकी 2019 के बाद पहली श्रीलंका यात्रा है। शनिवार को श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने पीएम मोदी को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘श्रीलंका मित्र विभूषण’ प्रदान किया। यह सम्मान उन्हें भारत और श्रीलंका के बीच ऐतिहासिक संबंधों को सशक्त करने में विशेष योगदान के लिए दिया गया।

सम्मान स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “यह केवल मेरा नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। यह भारत और श्रीलंका के बीच गहरी मित्रता, साझी विरासत और सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक है। यह सम्मान दर्शाता है कि भारत सिर्फ एक पड़ोसी नहीं, बल्कि श्रीलंका का सच्चा मित्र है।”

यह प्रधानमंत्री मोदी को मिला 22वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है। ‘श्रीलंका मित्र विभूषण’ सम्मान में एक रजत पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। यह श्रीलंका सरकार का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है, जो केवल विदेशी गणमान्य व्यक्तियों को दिया जाता है जिन्होंने श्रीलंका के साथ विशेष मित्रता निभाई हो।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी के कोलंबो पहुंचने पर उन्हें राजकीय सम्मान दिया गया। स्वतंत्रता चौक पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर और 21 तोपों की सलामी दी गई। हवाई अड्डे पर श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिता हेराथ, स्वास्थ्य मंत्री नलिंदा जयतिस्सा और मत्स्य पालन मंत्री रामलिंगम चंद्रशेखर सहित कई शीर्ष मंत्रियों ने उनका स्वागत किया।

प्रधानमंत्री मोदी और श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी हुई, जिसमें विदेश मंत्री एस. जयशंकर और विदेश सचिव विक्रम मिस्री समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग समेत कुल 7 समझौतों पर सहमति बनी, जो आने वाले समय में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!