बस्तर संभाग

बस्तर पंडुम 2025: कभी गोलियों की गूंज थी, अब स्कूलों में गूंजती हैं घंटियां – CM साय बोले, बस्तर अब स्वर्ग बन चुका है

दंतेवाड़ा (शिखर दर्शन) // 45 दिवसीय बस्तर पंडुम 2025 महोत्सव का भव्य समापन शनिवार को दंतेवाड़ा में हुआ। 1 अप्रैल से शुरू हुए संभाग स्तरीय इस आयोजन के समापन अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री व गृहमंत्री विजय शर्मा, उपमुख्यमंत्री अरुण साव समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को चैत्र नवरात्रि और महाष्ठमी की शुभकामनाएं दीं और कहा कि बस्तर अब विकास की राह पर है। उन्होंने कहा, “जहां कभी गोलियों की आवाज सुनाई देती थी, आज वहां स्कूल की घंटियां गूंज रही हैं। बस्तर अब स्वर्ग बन चुका है, और यह हमारे लिए गौरव की बात है कि हम डबल इंजन की सरकार के माध्यम से विकास की रफ्तार को गांव-गांव तक पहुंचा रहे हैं।”

नक्सलवाद के अंत की नई समय-सीमा : 2026 तक सफाया

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने मां दंतेश्वरी के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की मजबूत नीति को दोहराते हुए कहा कि “2026 मार्च तक देश से नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया गया है।” शाह ने बस्तर के लोगों की भागीदारी और विश्वास की सराहना करते हुए इसे एक नया युग बताया।

आदिवासी संस्कृति और एकता का प्रतीक बना बस्तर पंडुम

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर पंडुम महोत्सव को ब्लॉक स्तर से शुरू कर संभाग स्तर तक आयोजित किया गया। इसमें ओडिशा, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश और मध्यप्रदेश सहित छह राज्यों से लोगों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि “बस्तर ओलंपिक के बाद पंडुम में आदिवासी समाज की उत्साही भागीदारी इस बात का संकेत है कि बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्ति चाहता है और विकास की मुख्यधारा में आना चाहता है।”

हर गांव तक विकास पहुंचाना लक्ष्य : डिप्टी सीएम विजय शर्मा

उपमुख्यमंत्री व गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि “हमारा संकल्प है कि बस्तर के हर गांव तक बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जाएं।” उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में देश से नक्सलवाद समाप्त करने का मिशन तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि “आज के ऐतिहासिक अवसर को वैश्विक मंच पर मान्यता मिली है और यह आयोजन अब विश्व रिकॉर्ड में दर्ज हो गया है।”

दंतेश्वरी मंदिर में हुए दर्शन

समारोह के पूर्व अमित शाह, मुख्यमंत्री साय, और उपमुख्यमंत्री शर्मा ने दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी के दर्शन किए। इस अवसर पर प्रदेश की समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।

समापन समारोह में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button