दिल्ली

वक्फ संशोधन बिल के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन, अहमदाबाद में 50 गिरफ्तार, यूपी में हाई अलर्ट

नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // संसद से वक्फ संशोधन बिल 2024 पारित होने के बाद देश के कई शहरों में इसका विरोध शुरू हो गया है। गुरुवार को राज्यसभा से पूर्ण बहुमत से पास होने के बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद रांची, कोलकाता, अहमदाबाद समेत कई शहरों में मुस्लिम समाज ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बिल को वापस लेने की मांग की। वहीं, अहमदाबाद में पुलिस ने 50 लोगों को हिरासत में लिया है। देश के अन्य राज्यों में भी इस बिल को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।

कोलकाता और बिहार में उग्र प्रदर्शन

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में इस विरोध प्रदर्शन को व्यापक समर्थन मिला। बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं सड़कों पर उतरकर “वक्फ बिल वापस लो” के नारे लगाते दिखे। इसी तरह, बिहार के जमुई में रजा नगर गौसिया मस्जिद के बाहर सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने विरोध जताया और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जीतन राम मांझी व चिराग पासवान के खिलाफ नारेबाजी की।

रांची में विरोध प्रदर्शन

झारखंड की राजधानी रांची में भी अल्पसंख्यक समुदाय ने वक्फ बिल में संशोधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। एकरा मस्जिद के बाहर प्रदर्शनकारियों ने बैनर और पोस्टर लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। उनका कहना था कि यह संशोधन उनके अधिकारों पर हमला है और इसे वापस लिया जाना चाहिए।

यूपी में हाई अलर्ट, 61 हॉटस्पॉट पर कड़ी सुरक्षा

उत्तर प्रदेश सरकार ने इस विरोध प्रदर्शन को देखते हुए राज्यभर में सुरक्षा बढ़ा दी है। लखनऊ, संभल, बहराइच, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर समेत कई जिलों में पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है। लखनऊ में 61 संवेदनशील हॉटस्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जहां ड्रोन और CCTV से निगरानी की जा रही है।

संभल में पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बढ़ा दी है। यूपी पुलिस सोशल मीडिया पर भी नजर बनाए हुए है और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

नागपुर में भी पुलिस चौकस

नागपुर पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर कहा है कि हिंसक या भड़काऊ वीडियो पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अहमदाबाद में 50 प्रदर्शनकारी हिरासत में

गुजरात के अहमदाबाद में वक्फ बिल के विरोध में प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने 50 लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि, स्थिति तनावपूर्ण होने के बावजूद पुलिस ने हालात को नियंत्रण में रखा।

क्या है वक्फ संशोधन बिल 2024?

संसद से पारित वक्फ संशोधन बिल 2024 को लेकर मुस्लिम समुदाय में असंतोष देखा जा रहा है। विरोध करने वालों का कहना है कि यह बिल वक्फ संपत्तियों से जुड़े उनके अधिकारों को सीमित करता है और इसमें किए गए प्रावधानों से उनके धार्मिक और सामाजिक अधिकार प्रभावित होंगे।

देशभर में इस बिल के खिलाफ बढ़ते विरोध को देखते हुए सरकार और प्रशासन की चुनौतियां बढ़ गई हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button