3 अप्रैल महाकाल भस्म आरती: भगवान महाकाल का पंचामृत अभिषेक, रजत मुकुट और भस्म से दिव्य श्रृंगार

उज्जैन (शिखर दर्शन) // चैत्र माह शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि पर गुरुवार सुबह श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती के दिव्य दर्शन हुए। प्रातः 4 बजे मंदिर के कपाट खुलते ही भगवान महाकाल का अभिषेक जल, दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से किया गया। इसके बाद बाबा महाकाल को भस्म अर्पित कर भव्य श्रृंगार किया गया।
भगवान महाकाल को शेषनाग का रजत मुकुट, रजत की मुण्डमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों की माला धारण करवाई गई। साथ ही ड्रायफ्रूट से विशेष श्रृंगार कर फल व मिष्ठान का भोग अर्पित किया गया।
भस्म आरती के दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामनाएं प्रकट कर आशीर्वाद मांगा। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर “जय जय श्री महाकाल”, “हर हर महादेव” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष से गूंजायमान हो उठा।