ईद पर पीएम मोदी ने मुस्लिम समाज को दिया स्पेशल मैसेज, जानें राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने क्या कहा ?

नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // देशभर में आज ईद-उल-फितर का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस शुभ अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ईद की बधाई देते हुए लिखा, “ईद-उल-फितर की शुभकामनाएं। यह त्योहार हमारे समाज में आशा, सद्भाव और दयालुता की भावना को और मजबूत करे। आपकी सभी कोशिशों में खुशी और सफलता मिले। ईद मुबारक!”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ईद-उल-फितर की पूर्व संध्या पर देशवासियों को बधाई दी और कहा कि यह पर्व भाईचारे, सहयोग और करुणा की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि रमजान के दौरान रोजे और इबादत के बाद यह त्योहार सामाजिक बंधन को और प्रगाढ़ बनाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पर्व सभी के जीवन में शांति, तरक्की और खुशहाली लाए।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी देशवासियों को ईद की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार सांस्कृतिक विविधता और एकता की शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने इसे धार्मिक उत्सव के साथ-साथ लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक भी बताया और देशवासियों से सद्भाव और एकता बनाए रखने की अपील की।
देशभर में हर्षोल्लास से मनाई जा रही ईद
रमजान के पाक महीने के बाद मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर देशभर में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। रविवार को चांद नजर आने के बाद सोमवार को पूरे देश में ईद का जश्न मनाया जा रहा है। बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है, लोग नए कपड़े और मिठाइयां खरीदने में व्यस्त हैं। मस्जिदों और ईदगाहों में विशेष नमाज अदा करने के बाद मुस्लिम समुदाय के लोग एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की बधाई दे रहे हैं।
ईद-उल-फितर को दान, सहानुभूति और मानवता की भावना को बढ़ावा देने वाला पर्व माना जाता है, जो समाज में भाईचारे और शांति का संदेश देता है।