Eid-ul-Fitr 2025: छत्तीसगढ़ में दिखा चांद, कल देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी ईद

रायपुर (शिखर दर्शन) // राजधानी रायपुर समेत देश के कई हिस्सों में रविवार शाम चांद नजर आने के बाद 31 मार्च 2025 को ईद मनाने की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। ईद से पहले बाजारों में जबरदस्त रौनक देखी जा रही है, वहीं नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। दोनों बड़े त्योहारों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
रायपुर में चांद दिखने की पुष्टि
इदारा-ए-शरीया इस्लामी कोर्ट के मुताबिक, 30 मार्च 2025 को मगरिब की नमाज के बाद शव्वाल 1446 हिजरी का चांद नजर आया। राजधानी रायपुर समेत कई अन्य राज्यों से भी चांद दिखने की खबरें आईं, जिसके बाद यह तय हो गया कि 31 मार्च को देशभर में ईद-उल-फितर मनाई जाएगी। इससे पहले, 29 मार्च को सऊदी अरब में ईद का चांद दिखा था, जहां 30 मार्च को ईद मनाई गई।

कैसे तय होती है ईद की तारीख?
इस्लामी कैलेंडर चंद्रमा की गति पर आधारित होता है, इसलिए हर साल ईद की तारीख बदलती रहती है। यह त्योहार रमजान के बाद शव्वाल महीने की पहली तारीख को मनाया जाता है।
ईद-उल-फितर की सही तारीख चांद के दीदार पर निर्भर करती है। अगर रमजान के 29वें दिन चांद दिख जाता है, तो अगले दिन ईद होती है। यदि चांद नहीं दिखता, तो रमजान 30 दिनों का पूरा होता है और उसके बाद ईद मनाई जाती है। चूंकि चंद्रमा का दिखना हर देश में अलग-अलग समय पर हो सकता है, इसलिए विभिन्न देशों में ईद की तारीख अलग हो सकती है।
इस्लामी देशों में चांद देखने के लिए आधिकारिक समितियां बनाई जाती हैं, जो धार्मिक और वैज्ञानिक आधार पर निर्णय लेती हैं। कुछ स्थानों पर लोग सऊदी अरब की घोषणा के आधार पर भी ईद मनाते हैं। भारत में ईद की तारीख हमेशा चांद के दिखने की पुष्टि के बाद ही तय की जाती है।
ईद की तैयारियों में जोश
रायपुर समेत पूरे देश में ईद की तैयारियों को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। बाजारों में खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ रही है, मिठाइयों और नए कपड़ों की दुकानों पर रौनक है। प्रशासन ने मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
ईद-उल-फितर भाईचारे और खुशियों का त्योहार है, जिसे दुनियाभर के मुसलमान मिल-जुलकर मनाते हैं। इस मौके पर गरीबों और जरूरतमंदों को फितरा और जकात दिया जाता है, ताकि हर कोई इस खुशी में शामिल हो सके।