शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल: सेंसेक्स 856 अंक चढ़ा, निफ्टी 23,600 के पार , जानिए किस सेक्टर में खरीदारी हो रही है…

नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // सप्ताह के पहले कारोबारी दिन, सोमवार (24 मार्च) को शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 856.47 अंकों की बढ़त के साथ 77,761.98 के स्तर पर कारोबार कर रहा है, जबकि निफ्टी 250.65 अंकों की मजबूती के साथ 23,601.05 पर पहुंच गया।
सेंसेक्स के 30 में से 26 शेयरों में तेजी
शेयर बाजार में आज के कारोबार में लार्सन एंड टूब्रो, पावर ग्रिड और एनटीपीसी के शेयरों में करीब 3% की तेजी देखी गई। वहीं, निफ्टी के रियल्टी सेक्टर, सरकारी बैंक और मीडिया इंडेक्स में 2% तक की बढ़त दर्ज की गई।
वैश्विक बाजारों में मिला-जुला रुख
एशियाई बाजारों में मिलाजुला कारोबार देखने को मिला। जापान का निक्केई 0.00024% नीचे, हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स 0.13% गिरावट के साथ, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट 0.14% की कमजोरी पर कारोबार कर रहे हैं।
शुक्रवार (21 मार्च) को अमेरिकी बाजार में भी उतार-चढ़ाव रहा। डाउ जोंस 0.076% चढ़कर 41,985 पर बंद हुआ, जबकि नैस्डैक कंपोजिट 0.52% और एसएंडपी 500 इंडेक्स 0.082% की बढ़त के साथ बंद हुए।
विदेशी और घरेलू निवेशकों का निवेश जारी
21 मार्च को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 7,470.36 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 3,202.26 करोड़ रुपये के शेयरों की खरीदारी की।
पिछले हफ्ते 3,077 अंकों की जबरदस्त तेजी
पिछले सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन, शुक्रवार (21 मार्च) को, सेंसेक्स 557 अंकों की तेजी के साथ 76,905 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 159 अंकों की मजबूती के साथ 23,350 पर पहुंचा। पूरे हफ्ते में सेंसेक्स में कुल 3,077 अंकों की बढ़त दर्ज की गई।
किन शेयरों में रही सबसे ज्यादा हलचल?
- तेजी वाले शेयर: एनटीपीसी (3.09%), बजाज फाइनेंस (2.62%), कोटक महिंद्रा बैंक (2.14%)
- गिरावट वाले शेयर: महिंद्रा, टाटा स्टील, इंफोसिस, टाइटन और बजाज फिनसर्व (1% से अधिक गिरावट)
सेक्टोरल इंडेक्स का प्रदर्शन
- तेजी वाले सेक्टर: मीडिया (2.20%), ऑयल एंड गैस (1.84%), सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक (1.06%)
- गिरावट वाला सेक्टर: निफ्टी मेटल इंडेक्स (लगभग 1% की गिरावट)
शेयर बाजार में इस सकारात्मक रुख से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है, और बाजार की आगे की दिशा पर नजरें टिकी हुई हैं।