रायपुर पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल डेका और मुख्यमंत्री साय ने किया स्वागत
विधानसभा के रजत जयंती समारोह में होंगी शामिल
रायपुर (शिखर दर्शन) // राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने एक दिवसीय दौरे पर आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचीं। वायुसेना के विशेष विमान से माना एयरपोर्ट पर पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया।
राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा ने राष्ट्रपति का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर महापौर मीनल चौबे, भाजपा की वरिष्ठ नेत्री सरोज पांडे और मुख्य सचिव अमिताभ जैन भी उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ी संस्कृति से हुआ भव्य स्वागत
राष्ट्रपति मुर्मू के स्वागत में एयरपोर्ट पर छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। लोक कलाकारों ने पारंपरिक राउत नाचा और छत्तीसगढ़ी नृत्य प्रस्तुत कर राष्ट्रपति का अभिनंदन किया।
पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने नृत्य और गायन के माध्यम से सांस्कृतिक रंग बिखेरा, जिससे पूरे माहौल में उत्साह और उल्लास की लहर दौड़ गई।
विधानसभा के रजत जयंती समारोह में होंगी शामिल
राष्ट्रपति मुर्मू 11:15 बजे छत्तीसगढ़ विधानसभा के रजत जयंती समारोह में शामिल होंगी, जहां वे विधायकों को संबोधित करेंगी और वृक्षारोपण करेंगी। इसके बाद दोपहर 12:00 बजे वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगी और 12:30 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उनके काफिले की सुरक्षा के लिए 900 से अधिक जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा, ट्रैफिक नियंत्रण के लिए कई प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
राष्ट्रपति के इस दौरे को लेकर प्रदेशभर में उत्साह है, और उनके आगमन से राजधानी रायपुर में उल्लास का माहौल देखने को मिल रहा है।
