शंकर एक्सप्रेस-वे पर युवक का शव बरामद , हत्या कर फेंके जाने की आशंका , जांच में जुटी पुलिस
रायपुर (शिखर दर्शन) // राजधानी रायपुर के शंकर एक्सप्रेस-वे के नाले में एक युवक का संदिग्ध अवस्था में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर जांच शुरू कर दी। प्रथम दृष्टया युवक की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
यामाहा बाइक बरामद, एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम बुलाई गई
पुलिस के अनुसार, मृतक के पास से यामाहा मोटरसाइकिल (CG 04 PF 5676) बरामद की गई है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) और डॉग स्क्वायड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
मृतक की पहचान चंपारण निवासी मेघराज के रूप में हुई
शव की शिनाख्त के लिए पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें मृतक की पहचान 25 वर्षीय मेघराज, निवासी चंपारण के रूप में हुई। उसके पास मिले आधार कार्ड से यह पुष्टि की गई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, हत्या के कारणों की जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच टीम हत्या के कारणों का पता लगाने और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी हुई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मृतक की किसी से रंजिश थी या यह कोई आपराधिक साजिश का हिस्सा है।
