सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता, दो माओवादी ठिकानों से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद
सुकमा (शिखर दर्शन) // नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को सुकमा जिले में बड़ी सफलता मिली है। मरकनगुड़ा और मेट्टागुड़ा के जंगलों में माओवादियों के ठिकानों से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई जिला पुलिस बल, सेकंड वाहिनी सीआरपीएफ, 203 वाहिनी कोबरा और 131 वाहिनी सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने की, जिससे नक्सलियों को बड़ा झटका लगा है।
मरकनगुड़ा जंगल से बरामद हथियार और विस्फोटक
दुलेड कैंप के अंतर्गत मरकनगुड़ा के पहाड़ी जंगलों में सुरक्षा बलों ने माओवादियों द्वारा छुपाए गए भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक जब्त किए हैं। इनमें 6 भरमार बंदूकें, बीजीएल सेल और अन्य विस्फोटक सामग्री शामिल हैं। यह इलाका नक्सल गतिविधियों के लिए कुख्यात माना जाता है, जहां सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन चलाकर यह सफलता हासिल की।
मेट्टागुड़ा जंगल में भी बड़ी बरामदगी
इसी तरह नवीन कैंप मेट्टागुड़ा के अंतर्गत मेट्टागुड़ा के जंगलों में भी सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली। यहां से 3 बंदूकें, बीजीएल सेल, भारी मात्रा में विस्फोटक और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई है।
सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नक्सलियों की गतिविधियों पर बड़ा असर पड़ने की संभावना है। अभियान के बाद सुरक्षा एजेंसियां इलाके में सतर्कता बढ़ाते हुए संभावित नक्सली ठिकानों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।