छत्तीसगढ़ में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बरकरार, बादल और बारिश से मिली राहत, जानें आज का मौसम अपडेट…

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीते तीन दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। गर्मी के बीच प्रदेश में बारिश और बदली छाई रही, जिससे लोगों को राहत मिली। पिछले 24 घंटों में रायगढ़ जिले के कापू क्षेत्र में सबसे अधिक 51.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं, बीते तीन दिनों में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई है। मौसम विभाग ने रायपुर और बस्तर संभाग के कुछ जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर कम, लेकिन तापमान बढ़ेगा
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर अब धीरे-धीरे कम हो रहा है। अगले 24 घंटों तक प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य रहेगा, लेकिन इसके बाद उत्तर छत्तीसगढ़, विशेषकर सरगुजा और आसपास के जिलों में दिन का तापमान 5 से 6 डिग्री तक बढ़ सकता है। वहीं, राज्य के अन्य हिस्सों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है।
राज्य में ऐसा रहा बीते दिन का मौसम
- तापमान में बदलाव: शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 37.5 डिग्री राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ। बारिश और बादलों की वजह से अधिकतर इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से कम रहा।
- बारिश का हाल: जशपुर और शंकरगढ़ में 50 मिमी, सूरजपुर में 40 मिमी, भैयाथान, अंतागढ़ और कोचली में 30 मिमी बारिश दर्ज की गई। कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई।
राजधानी रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
रायपुर में रविवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। यहां दिन का तापमान 37 डिग्री और रात का तापमान 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। शनिवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 22.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम था। माना क्षेत्र में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 21.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से क्रमशः 3.5 और 0.6 डिग्री कम था।
आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ में तापमान में बढ़ोतरी के संकेत हैं, जिससे गर्मी का असर तेज हो सकता है।