चारपाई में बच्चों के साथ सो रही थी महिला, आग लगने से जुड़वा बच्चों समेत जिंदा जले, भयानक हादसे में तीनों की मौत
चतरा (शिखर दर्शन) // झारखंड के चतरा जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां तीन महीने के जुड़वा बच्चों समेत एक महिला की आग में जलकर दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा प्रतापपुर थाना क्षेत्र के करिहारा गांव में हुआ, जहां महिला शिवी देवी अपने दोनों नवजात बच्चों के साथ चारपाई पर सो रही थी। चारपाई के नीचे जल रही अंगीठी से आग भड़क गई, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
ससुराल पक्ष ने हादसा बताया, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
घटना के बाद ससुराल पक्ष ने इसे दुर्घटना बताया, जबकि महिला के मायके वालों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल वालों ने साजिश के तहत शिवी देवी और उसके बच्चों को मार डाला।
पुलिस कर रही है जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पति दिलीप यादव दिल्ली में मजदूरी करते हैं, जबकि शिवी देवी ने तीन महीने पहले ही जुड़वा बच्चों को जन्म दिया था। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है कि यह हादसा था या हत्या।

