रायपुर संभाग

लंबे अंतराल के बाद रायपुर में अंतरराष्ट्रीय मुकाबला: भारत-अफ्रीका वनडे के लिए शहीद वीर नारायण स्टेडियम तैयार, BCCI ने जारी किया शेड्यूल

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे इंतजार के बाद रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी हो रही है। बीसीसीआई ने आगामी भारत-दक्षिण अफ्रीका सीरीज का शेड्यूल जारी कर दिया है, जिसमें रायपुर को एकदिवसीय मैच की मेजबानी सौंपी गई है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच यह मुकाबला 3 दिसंबर 2025 को खेला जाएगा।

टेस्ट, वनडे और टी-20 में भिड़ेंगी दोनों टीमें

बीसीसीआई की बैठक शनिवार को कोलकाता में हुई, जिसमें वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के आगामी भारत दौरे को अंतिम रूप दिया गया। तय कार्यक्रम के अनुसार, दक्षिण अफ्रीकी टीम नवंबर 2025 में भारत आकर दो टेस्ट, तीन वनडे और पांच टी-20 मैचों की सीरीज खेलेगी।

टेस्ट श्रृंखला: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट मैच दिल्ली में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में होगा। यह गुवाहाटी के लिए ऐतिहासिक क्षण होगा, क्योंकि यह वहां आयोजित होने वाला पहला टेस्ट मैच होगा, जो 22 से 26 नवंबर 2025 के बीच खेला जाएगा।

रायपुर में होगा वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला

वनडे सीरीज की शुरुआत 30 नवंबर 2025 को रांची में होगी। इसके बाद दूसरा वनडे मुकाबला 3 दिसंबर को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि तीसरा और अंतिम वनडे 6 दिसंबर को विशाखापत्तनम में आयोजित किया जाएगा।

5 टी-20 मैचों से होगी सीरीज की समाप्ति

वनडे सीरीज के बाद पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेली जाएगी। इसका पहला मुकाबला 9 दिसंबर को कटक, दूसरा 11 दिसंबर को नागपुर, तीसरा 14 दिसंबर को धर्मशाला, चौथा 17 दिसंबर को लखनऊ और आखिरी मुकाबला 19 दिसंबर को अहमदाबाद में खेला जाएगा।

छत्तीसगढ़ में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का यह आयोजन न सिर्फ राज्य के क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांचक होगा, बल्कि स्थानीय खिलाड़ियों को भी प्रेरणा देगा। रायपुर का स्टेडियम पहले भी कई बड़े मैचों की मेजबानी कर चुका है और इस बार भी रोमांचक मुकाबले की उम्मीद की जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!