नागपुर हिंसा: ICU में भर्ती इरफान अंसारी की मौत, 9 इलाकों में अब भी कर्फ्यू जारी
नागपुर (शिखर दर्शन) // महाराष्ट्र के नागपुर में 17 मार्च को हुई हिंसा में घायल इरफान अंसारी की मौत हो गई है। वह गंभीर रूप से घायल होने के बाद ICU में भर्ती थे, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस हिंसा में घायल अन्य लोगों का भी अस्पताल में इलाज जारी है।
कैसे भड़की हिंसा ?
नागपुर में औरंगजेब की मजार के पास विश्व हिंदू परिषद (VHP) द्वारा धरना प्रदर्शन किया जा रहा था। इस दौरान अफवाह फैल गई कि दरगाह की चादर जला दी गई है। इस अफवाह के बाद मुस्लिम समुदाय के लोग बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए, जिससे हालात बिगड़ गए और 17 मार्च की शाम को शहर में हिंसा भड़क उठी।
100 से ज्यादा गिरफ्तार, 9 इलाकों में अब भी कर्फ्यू
हिंसा के मामले में अब तक 100 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शहर में हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने 11 इलाकों में कर्फ्यू लगाया था, जिनमें से 2 इलाकों में अब छूट दी गई है, लेकिन गणेशपेठ, कोतवाली, तहसील, लकड़गंज, पचपावली, शांतिनगर, सक्करदरा, इमामवाड़ा और यशोधरानगर जैसे 9 इलाकों में अब भी कर्फ्यू लागू है।
सीएम फडणवीस ने किया नागपुर का दौरा
हिंसा के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर का दौरा किया और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने 4-5 घंटे के भीतर स्थिति पर नियंत्रण पा लिया था। इस हिंसा में कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। प्रशासन हालात सामान्य करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।