आज रात इन पांच जिलें में बारिश अंधड़ की संभावना
रायपुर (शिखर दर्शन) // प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं। देर शाम तक कोरबा, बिलासपुर, मुंगेली, गरियाबंद और धमतरी जिले के कुछ इलाकों में तेज अंधड़ के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और द्रोणिका की सक्रियता के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, 3.1 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर 82 डिग्री पूर्व और 33 डिग्री उत्तर में पश्चिमी विक्षोभ स्थित है। इसके साथ ही, मध्य छत्तीसगढ़ के ऊपर एक चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं, दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश से मराठवाड़ा तक एक द्रोणिका भी फैली हुई है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की सक्रियता बनी हुई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, कल 23 तारीख को भी प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। इसके अलावा, कुछ इलाकों में अंधड़ और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। इस बीच, अधिकतम तापमान में हल्की वृद्धि होने की संभावना भी बनी हुई है।
