छत्तीसगढ़ में मौसम का बड़ा बदलाव: कहीं तेज बारिश, तो कहीं ओलावृष्टि, तापमान में आई गिरावट

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे पिछले कुछ दिनों से पड़ रही गर्मी गायब हो गई। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई।
शुक्रवार सुबह से ही रायपुर में बादल छाए रहे, दोपहर होते-होते माना, अभनपुर, धनेली और मंदिरहसौद में झमाझम बारिश शुरू हो गई। माना में तेज अंधड़ और बारिश के कारण एक फ्लाइट को डायवर्ट करना पड़ा। इसी तरह, सरगुजा के कई हिस्सों में ओलावृष्टि हुई, जबकि कोरिया, जशपुर और सारंगढ़ में तेज बारिश से मौसम ठंडा हो गया।
मौसम विभाग का अलर्ट:
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 22 मार्च को भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ वज्रपात की संभावना है। राजधानी रायपुर में भी दिनभर मौसम बदला-बदला सा रहा। सुबह 11 बजे बाद धूप और बादलों की लुका-छिपी जारी रही, दोपहर 1 बजे के बाद आसमान पूरी तरह से बादलों से घिर गया और 3 बजे के आसपास माना, धनेली, अभनपुर और मंदिरहसौद में मूसलाधार बारिश हुई।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ की वजह से यह बदलाव आया है। प्रदेश में अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट की संभावना जताई गई है। 22 मार्च को रायपुर में भी आंशिक बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम के इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि से कई जगहों पर फसलों को नुकसान होने की भी आशंका है।