नवा रायपुर में 85 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक खेल कॉम्प्लेक्स… IAS आर. प्रसन्ना को मिली केंद्रीय प्रतिनियुक्ति… राजधानी में आज होंगे ये प्रमुख आयोजन

रायपुर (शिखर दर्शन) // नवा रायपुर अटल नगर में प्रदेश के खिलाड़ियों को अत्याधुनिक खेल सुविधाएं मिलने जा रही हैं। 85.05 करोड़ रुपये की लागत से यहां मल्टी परपज इंडोर स्टेडियम, सिंथेटिक फुटबॉल मैदान और रनिंग ट्रैक समेत कई सुविधाओं से युक्त खेल कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। खेल एवं युवक कल्याण विभाग ने वित्त विभाग की स्वीकृति के बाद इस परियोजना को हरी झंडी दे दी है।
दो चरणों में होगा निर्माण
खेल कॉम्प्लेक्स का निर्माण दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-28 में 40 एकड़ भूमि पर इसका विकास होगा, जबकि दूसरे चरण में करीब 12 एकड़ में अतिरिक्त खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण को निर्माण एजेंसी नियुक्त किया गया है, और परियोजना की डीपीआर तैयार कर ली गई है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
खिलाड़ियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
इस खेल कॉम्प्लेक्स में खिलाड़ियों के लिए स्वीमिंग पूल, अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप वुडन फ्लोर बैडमिंटन हॉल, वेटलिफ्टिंग हॉल, वॉलीबॉल, टेनिस और बॉस्केटबॉल कोर्ट बनाए जाएंगे। निर्माण कार्य तकनीकी स्वीकृति के अनुसार होगा, जिससे खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय खेल अधोसंरचना मिल सके।
IAS आर. प्रसन्ना होंगे केंद्रीय गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव
रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आर. प्रसन्ना केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं। केंद्र सरकार की ओर से जारी 35 अधिकारियों की सूची में उनका नाम शामिल किया गया है। श्री प्रसन्ना को केंद्रीय गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव पद पर नियुक्त किया गया है।
वे लंबे समय से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के इच्छुक थे, और राज्य सरकार ने उनकी प्रतिनियुक्ति को मंजूरी दे दी थी। यह उनकी पहली केंद्रीय प्रतिनियुक्ति होगी, जहां उन्हें पांच वर्षों के लिए तैनाती मिली है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ शासन में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले वे स्वास्थ्य सेवाओं के संचालक और चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।
राजधानी में आज ये प्रमुख आयोजन होंगे
- प्राकृतिक मड थेरेपी शिविर – अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की छत्तीसगढ़ प्रांतीय इकाई द्वारा निःशुल्क प्राकृतिक मड थेरेपी चिकित्सा शिविर का आयोजन, सुबह 10 से शाम 5 बजे तक, श्रीरामनाथ भीमसेन भवन, समता कॉलोनी।
- बिहार स्थापना दिवस समारोह – ‘बिहार के तिहार’ स्नेह मिलन कार्यक्रम, शाम 5 बजे से, मेडिकल कॉलेज सभागार।
- होली मिलन समारोह – नामदेव समाज विकास परिषद जिला शाखा रायपुर का आयोजन, दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक, टिकरापारा स्थित सामुदायिक भवन।