लुटेरों ने चरवाहे को बंधक बनाकर 91 बकरों की लूट को दिया अंजाम , 14 दिन बाद भी पुलिस को नहीं मिल सुराग

बलरामपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में लूट की एक अनोखी वारदात सामने आई है। बलंगी पुलिस चौकी क्षेत्र में लुटेरों ने दिनदहाड़े एक चरवाहे को बंधक बनाकर 91 बकरों और बकरियों को लूट लिया। इस घटना ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना 7 मार्च दोपहर 12 बजे की है, जब पटेवा जंगल निवासी रामकैलाश पाल अपने 41 बकरों और गांव के अन्य लोगों के पालतू पशुओं को चराने जंगल गया था। तभी कुछ अज्ञात लुटेरों ने उस पर हमला कर दिया। लुटेरों ने पहले रामकैलाश को बेरहमी से पीटा, फिर उसे बंधक बनाकर 91 बकरों-बकरियों को लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने बलंगी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन 14 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी। पुलिस की निष्क्रियता से परेशान होकर रामकैलाश पाल ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है।

इस मामले में एडिशनल एसपी ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर जांच जारी है। साइबर टीम की मदद से अपराधियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिलेगी। लेकिन 14 दिनों के बाद भी पुलिस के हाथ खाली होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।