रायपुर संभाग

बजट सत्र का 17वां दिन: 75 ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर होगी चर्चा, भाजपा की अहम बैठक आज

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 17वां दिन है, जहां कई महत्वपूर्ण विधेयक और संकल्प सदन में पेश किए जाएंगे। सदन में आज लोकतंत्र सेनानी सम्मान विधेयक पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मंत्री टंकराम वर्मा प्रश्नकाल के दौरान अपने-अपने विभागों से जुड़े सवालों के जवाब देंगे। इसके साथ ही डिप्टी सीएम अरुण साव और मुख्यमंत्री सदन पटल पर विभिन्न पत्र रखेंगे।

आज विधानसभा में 75 ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर चर्चा होगी, वहीं शासकीय विधि विषयक कार्यों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम विजय शर्मा, मंत्री ओपी चौधरी, लखन देवांगन और केदार कश्यप शामिल होंगे। इसके अलावा, सदन में चार अशासकीय संकल्प भी पेश किए जाएंगे, जिन्हें विधायक अजय चंद्राकर, रिकेश सेन और धर्मजीत सिंह लेकर आएंगे।


मुख्यमंत्री साय का आज का कार्यक्रम

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कई महत्वपूर्ण बैठकों और कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

  • सुबह 10:00 बजे वे निवास से विधानसभा के लिए रवाना होंगे और दोपहर 3:30 बजे तक सदन की कार्यवाही में मौजूद रहेंगे।
  • इसके बाद शाम 4:00 बजे वे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेंगे।
  • बैठक समाप्त होने के बाद, शाम 5:30 बजे वे अपने निवास लौटेंगे।

भाजपा की अहम बैठक आज, नगर निकाय चुनावों की रणनीति पर होगी चर्चा

रायपुर (शिखर दर्शन) // भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आज कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश प्रभारी और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

बैठक की अध्यक्षता प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव करेंगे। इसमें नगर निगमों के महापौर, सभापति, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष भी उपस्थित रहेंगे। इस बैठक में हाल ही में संपन्न निकाय और पंचायत चुनावों में भाजपा की जीत का जश्न मनाया जाएगा, साथ ही आगामी चुनावों के लिए संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा होगी।


विधायकों के लिए IIM में मैनेजमेंट ट्रेनिंग आयोजित करेगी सरकार

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ सरकार राज्य के विधायकों के लिए 22 और 23 मार्च को भारतीय प्रबंध संस्थान (IIM) रायपुर में विशेष मैनेजमेंट ट्रेनिंग आयोजित कर रही है। इस दो दिवसीय कार्यक्रम में विधायकों को प्रबंधन और नीति निर्माण से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान आधा दर्जन से अधिक सत्र होंगे, जिनमें नीति निर्माता, शिक्षाविद और विशेषज्ञ विधायकों को प्रभावी प्रशासन और रणनीतिक निर्णय लेने की बारीकियां सिखाएंगे।


विश्व वानिकी दिवस पर विधानसभा में संगोष्ठी, ‘फॉरेस्ट एंड फूड’ थीम पर होगी चर्चा

रायपुर (शिखर दर्शन) // आज छत्तीसगढ़ विधानसभा में विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। यह संगोष्ठी दोपहर 1:00 बजे विधानसभा के समिति कक्ष में होगी, जिसमें विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य रूप से शामिल होंगे।

इस वर्ष विश्व वानिकी दिवस की थीम “फॉरेस्ट एंड फूड” रखी गई है। संगोष्ठी में खाद्य सुरक्षा, पोषण और आजीविका में वनों की भूमिका पर चर्चा की जाएगी। इसमें राज्य के सभी विधायक भी भाग लेंगे और वन संरक्षण को लेकर विचार-विमर्श करेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button