MP Budget 2025: 4.20 लाख करोड़ रुपये से अधिक का होगा मध्यप्रदेश का बजट, मुख्यमंत्री मोहन यादव का बड़ा ऐलान
भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार आज राज्य का वार्षिक बजट पेश करने जा रही है। वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बजट प्रस्तुत करेंगे। इस बजट को लेकर प्रदेशभर में उत्सुकता बनी हुई है, वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि इस बार का बजट 4.20 लाख करोड़ रुपये से अधिक का होगा।
राज्य के विकास को नई गति देने का प्रयास
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बजट से पहले कहा, “जब हमारी सरकार बनी थी, तब हमने संकल्प लिया था कि पांच वर्षों में प्रदेश का बजट दोगुना करेंगे। पिछले वर्ष हमने 3.5 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया था, जबकि इस बार इसे बढ़ाकर 4.20 लाख करोड़ रुपये से अधिक किया जा रहा है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने की दिशा में हमारा प्रयास है।”
उन्होंने यह भी कहा कि मध्यप्रदेश देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले राज्यों में शामिल हो चुका है और यह बजट प्रदेश की आर्थिक वृद्धि को और मजबूत करेगा।
गरीब, महिला, युवा और किसान होंगे फोकस में
वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने भी बजट से पहले संकेत दिए हैं कि इस बार गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार किसी नए कर का बोझ जनता पर नहीं डालेगी और बजट में हर वर्ग को साधने की कोशिश की जाएगी।
विपक्ष के हंगामे के आसार
बजट सत्र के तीसरे दिन भी विधानसभा में विपक्ष के हंगामे के आसार हैं। विभिन्न मुद्दों को लेकर विपक्ष लगातार सरकार को घेरने की रणनीति बना रहा है। हालांकि, सरकार ने बजट को सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर तैयार करने का दावा किया है।
अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि बजट में किन नई योजनाओं की घोषणा की जाएगी और राज्य की अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए सरकार क्या खास कदम उठाने जा रही है।
