MP Budget 2025: वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा बोले – गरीब, महिला, युवा और किसानों पर रहेगा फोकस, नहीं लगेगा नया कर

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन, बुधवार को वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार का दूसरा बजट पेश करेंगे। अनुमान लगाया जा रहा है कि यह बजट 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक का हो सकता है, जो अब तक का सबसे बड़ा बजट होगा।
बजट से पहले वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि यह बजट पूरी तरह जनता को समर्पित रहेगा और इसमें गरीब, महिला, युवा और किसानों के कल्याण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार कोई नया कर नहीं लगाया जाएगा, जिससे आम जनता को राहत मिलेगी।
जनता से मिले हजारों सुझाव, 2047 तक विकास लक्ष्य
वित्त मंत्री देवड़ा ने बताया कि इस बजट के लिए सरकार को लगभग दो से ढाई हजार सुझाव मिले हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट ज्ञान आधारित होगा और इसका लाभ सीधे मध्य प्रदेश की जनता को मिलेगा। सरकार का लक्ष्य 2047 तक प्रदेश को देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने के योग्य बनाना है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वेट (मूल्य संवर्धित कर) को लेकर अभी कोई नया फैसला नहीं लिया गया है।
विपक्ष के आरोपों पर वित्त मंत्री का पलटवार
बजट से पहले विपक्ष की आलोचनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि विपक्ष केवल निरर्थक बातें कर रहा है और बौखलाहट में है। उन्होंने 2003 की कांग्रेस सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय और वर्तमान की भाजपा सरकार में जमीन-आसमान का अंतर है। जनता को यह समझना चाहिए कि बजट कहां और कितना खर्च किया जा रहा है।
सभी वर्गों के लिए होगा सर्वस्पर्शी बजट
देवड़ा ने कहा कि यह बजट सभी वर्गों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। सरकार ने बजट तैयार करने से पहले जनता के सुझावों के साथ-साथ विषय विशेषज्ञों की राय भी ली है। बजट में सिंचाई, सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी क्षेत्रों के विस्तार के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।
प्रदेश की महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही हैं, और इस बजट में भी उनके कल्याण के लिए कई योजनाओं को शामिल किया जाएगा। वित्त मंत्री ने भरोसा दिलाया कि यह बजट प्रदेश को समग्र विकास की दिशा में आगे ले जाएगा।