राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक आज शाम, बजट सत्र और राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री के दौरे पर चर्चा संभावित

रायपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज शाम 6 बजे राज्य मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में होगी। इस बैठक में विधानसभा के बजट सत्र और सदन में पेश किए जाने वाले कुछ संशोधन विधेयकों पर चर्चा होगी। इसके अलावा, कई अहम प्रस्तावों के अनुमोदन की संभावना जताई जा रही है। बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे की तैयारियों को लेकर भी मंथन किया जा सकता है।
विधानसभा बजट सत्र का 12वां दिन, महत्वपूर्ण मुद्दों पर होगी चर्चा
रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 12वां दिन है, जिसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। प्रश्नकाल के दौरान भारतमाला परियोजना में मुआवजे का मामला उठाया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री टंकराम वर्मा और केदार कश्यप के विभागों से जुड़े सवालों पर सदन में मंथन होगा।
भाजपा विधायक अनुज शर्मा ई-वे बिल जांच के नाम पर हो रही अवैध वसूली का मामला ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से उठाएंगे। वहीं, विधायक ओंकार साहू धमतरी जिले में अवैध प्लॉटिंग का मुद्दा सदन में रखेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ पंचायत राज संशोधन विधेयक सहित विभिन्न विधेयक प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अलावा, मंत्री रामविचार नेताम के विभागों से जुड़ी बजट अनुदान मांगों पर भी चर्चा होगी।
वनरक्षक भर्ती परीक्षा: मॉडल उत्तर पर दावा-आपत्ति करने का आज अंतिम दिन
रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा 22 सितंबर 2024 को आयोजित वनरक्षक भर्ती परीक्षा के मॉडल उत्तर पर दावा-आपत्ति करने की आज अंतिम तिथि है। अभ्यर्थी प्रोफाइल लॉगिन के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। डाक या स्वयं उपस्थित होकर दावा-आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।
संत गेलाराम जन्मोत्सव आज श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा
रायपुर (शिखर दर्शन) // गोदड़ीवालाधाम देवपुरी दरबार में आज संत बाबा गेलाराम का जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे पंचामृत स्नान से होगी। इसके बाद सुबह 8:30 बजे वस्त्राभूषण श्रृंगार, आरती और सत्संग का आयोजन किया जाएगा। सुबह 9:30 बजे पल्लव अरदास होगी और 10 बजे प्रसाद वितरण किया जाएगा।
सिंधी काउंसिल द्वारा निःशुल्क गुलाल वितरण आज
रायपुर (शिखर दर्शन) // सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया, छत्तीसगढ़ इकाई की ओर से आज तेलीबांधा और अरविंद दीक्षित वार्ड में निःशुल्क गुलाल वितरण किया जाएगा। यह आयोजन दोपहर 12 बजे से शुरू होगा।