चाइनीज मांझे ने युवक की नाक काटी: बाइक चलाते समय हादसा, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे की बिक्री बेरोकटोक जारी है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। ताजा मामला वीआईपी रोड का है, जहां चलती बाइक पर सवार युवक की नाक चाइनीज मांझे से कट गई। अचानक आए मांझे से युवक संभल नहीं सका और उसकी नाक गंभीर रूप से घायल हो गई। खून से लथपथ हालत में उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम बिक रहा जानलेवा मांझा
गौरतलब है कि प्रदेश में चाइनीज मांझे पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा हुआ है, फिर भी इसकी बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। प्रशासनिक लापरवाही के चलते इस घातक मांझे ने कई लोगों की जान ले ली है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। भोपाल समेत कई शहरों में समय-समय पर ऐसे हादसे सामने आते रहते हैं, लेकिन जिम्मेदारों द्वारा ठोस कार्रवाई न किए जाने से इस पर पूरी तरह लगाम नहीं लग पाई है।
पुलिस की जिम्मेदारी, लेकिन लापरवाही जारी
किसी भी थाना क्षेत्र में पुलिस की यह पूरी जिम्मेदारी होती है कि वह ऐसे जानलेवा सामग्रियों की बिक्री पर नजर रखे और उसे पूरी सतर्कता से रोके। चाइनीज मांझा, अवैध हथियार, छुरी-चाकू या अवैध शराब जैसी खतरनाक चीजों की बिक्री को रोकने के लिए पुलिस को सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए। लेकिन अक्सर देखा जाता है कि पुलिस इन मामलों को हल्के में लेती है, जिससे ऐसे घातक उत्पाद खुलेआम बिकते रहते हैं और लोगों की जान जोखिम में पड़ती है। अगर पुलिस सख्ती दिखाए तो ऐसे मामलों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
सड़क पर चलने वालों के लिए खतरा बना मांझा
बिना किसी चेतावनी के हवा में लहराते इस मांझे की चपेट में राहगीर, दोपहिया वाहन सवार और यहां तक कि पक्षी भी आ रहे हैं। कई बार यह मांझा गले में उलझकर जानलेवा साबित हुआ है। इसके बावजूद भोपाल में इसकी बिक्री जारी रहना हैरान करने वाला है।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि चाइनीज मांझे की बिक्री पर सख्त कार्रवाई की जाए और दोषियों पर कठोर दंड लगाया जाए, ताकि इस तरह के हादसों पर रोक लगाई जा सके। लोगों का कहना है कि जब तक इस पर पूरी तरह से रोक नहीं लगेगी और पुलिस अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से नहीं निभाएगी, तब तक सड़क पर चलने वालों की जान पर खतरा मंडराता रहेगा।
