बम धमकी के बाद मुंबई लौटा एयर इंडिया का न्यूयॉर्क जाने वाला विमान, जांच में नहीं मिला कोई विस्फोटक

मुंबई (शिखर दर्शन) // एयर इंडिया की मुंबई से न्यूयॉर्क जाने वाली फ्लाइट AI-119 को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा कारणों से बीच रास्ते से वापस मुंबई लौटना पड़ा। रविवार देर रात 2 बजे उड़ान भरने वाला बोइंग 350 विमान जब अजरबैजान के हवाई क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी क्रू मेंबर्स को यह धमकी मिली। प्रोटोकॉल के तहत पायलट ने तत्काल निर्णय लेते हुए विमान को मुंबई वापस ले जाने का फैसला किया।
सोमवार सुबह 10:25 बजे फ्लाइट सुरक्षित रूप से छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी, जहां सुरक्षा एजेंसियों ने बम का पता लगाने के लिए गहन जांच शुरू की। हालांकि, अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिससे यह धमकी झूठी साबित हुई।
फ्लाइट में 303 यात्री और 19 क्रू मेंबर्स सवार थे। एयर इंडिया ने बयान जारी कर कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन किया गया। यात्रियों के लिए होटल में ठहरने, भोजन और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि फ्लाइट अब 11 मार्च की सुबह 5 बजे दोबारा रवाना होगी।
सुरक्षा एजेंसियां इस धमकी के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। यात्रियों को हुई असुविधा को देखते हुए एयर इंडिया ने कहा कि वह पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और हर संभव सहायता प्रदान कर रही है।