MP Budget Session: सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग, कांग्रेस विधायकों ने काला नकाब पहनकर गांधी प्रतिमा के सामने किया विरोध प्रदर्शन , बीजेपी विधायक गंगाजल लेकर पहुंचे

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन राजनीतिक घटनाक्रम गर्मा गए। राज्यपाल के अभिभाषण से पहले ही विपक्षी कांग्रेस विधायकों ने अनोखे अंदाज में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक मुंह पर काला नकाब लगाकर विधानसभा पहुंचे और गांधी प्रतिमा के समक्ष तख्तियां लेकर नारेबाजी की।
सिंघार ने सरकार पर सत्र को छोटा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार चर्चा से बचने के लिए सत्र की अवधि कम कर रही है। उन्होंने मांग की कि सत्र की अवधि बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा, “हम सरकार को आइना दिखाने के लिए मुंह छुपाकर प्रदर्शन कर रहे हैं।”
बीजेपी विधायक सिर पर गंगाजल लेकर पहुंचे
वहीं, बीजेपी विधायक अभिलाष पांडे सिर पर गंगाजल लेकर विधानसभा पहुंचे। उन्होंने बताया कि उन्होंने महाकुंभ से तीन टैंकर गंगाजल मंगवाया और अपने क्षेत्र में वितरित किया। आज वह विधानसभा में गंगाजल लेकर आए हैं, जिसे मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष को भेंट करेंगे।
विधानसभा के पहले दिन ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के इन अलग-अलग तरीकों ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है।
