भीषण सड़क हादसा: डंपर और बोलेरो की टक्कर में 7 की मौत, 14 घायल

सीधी (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश के सीधी जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बोलेरो वाहन और डंपर की भीषण भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से 9 की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें रीवा जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि 5 का इलाज सीधी के जिला अस्पताल में जारी है।
मुंडन संस्कार के लिए जा रहा था परिवार, रास्ते में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, साहू परिवार के 21 लोग बोलेरो वाहन से मैहर मंदिर में मुंडन संस्कार के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सीधी-बहरी मार्ग पर उपनी गांव के पास उनकी गाड़ी सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही 7 लोगों की मौत हो गई।
रात ढाई बजे हुआ हादसा, पुलिस और ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू
घटना रात करीब ढाई बजे की बताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
प्रशासन ने घायलों को कराया अस्पताल रेफर
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। डीएसपी गायत्री तिवारी ने बताया कि हादसे में 14 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 9 की हालत गंभीर है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए रीवा जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अन्य का उपचार जिला अस्पताल सीधी में जारी है।
शवों का पोस्टमार्टम, हादसे की जांच जारी
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में बताया जा रहा है कि डंपर तेज रफ्तार में था, जिससे यह भीषण टक्कर हुई। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
