मध्यप्रदेश विधानसभा का बजट सत्र आज से, राज्यपाल के अभिभाषण के साथ होगी शुरुआत

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्यप्रदेश विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है, जिसकी शुरुआत राज्यपाल मंगुभाई पटेल के अभिभाषण से होगी। यह सत्र 10 मार्च से 24 मार्च तक चलेगा, जिसमें कुल 9 बैठकें होंगी। बजट सत्र के दौरान राज्य सरकार को विपक्षी दल कांग्रेस की ओर से कड़ी चुनौती मिलने की संभावना है।
12 मार्च को पेश होगा राज्य का बजट
प्रदेश सरकार का बजट 12 मार्च को विधानसभा में प्रस्तुत किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा लगभग 4 लाख करोड़ रुपये से अधिक का बजट पेश करेंगे। इससे पहले 11 मार्च को सरकार आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेगी। बजट सत्र के लिए अब तक विधायकों से 3,000 से अधिक ऑनलाइन और ऑफलाइन सवाल प्राप्त हुए हैं।
माधव टाइगर रिजर्व का शुभारंभ करेंगे CM मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज प्रदेश के 9वें माधव टाइगर रिजर्व का शुभारंभ करेंगे। यह देश का 58वां और मध्यप्रदेश का 9वां टाइगर रिजर्व होगा। सीएम यहां एक बाघ और एक बाघिन को छोड़ेगे, जिससे रिजर्व में कुल बाघों की संख्या बढ़कर 7 हो जाएगी। 13 किलोमीटर लंबी पत्थर की सेफ्टी वॉल का भी उद्घाटन किया जाएगा।
विधानसभा का कांग्रेस किसान मोर्चा करेगा घेराव
कांग्रेस किसान मोर्चा आज विधानसभा के घेराव की तैयारी में है। रंगमहल चौराहे से कांग्रेसी प्रदर्शन करते हुए विधानसभा की ओर कूच करेंगे। कांग्रेस ने सरकार पर किसानों से किए वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया है। उपज का उचित मूल्य, खाद-बीज जैसी समस्याओं को लेकर कांग्रेस सरकार को घेरने की रणनीति बना रही है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री माधवराव सिंधिया की जयंती पर कार्यक्रम
पूर्व केंद्रीय मंत्री माधवराव सिंधिया की 80वीं जयंती के अवसर पर ग्वालियर के छत्री परिसर में भजन संध्या और पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 6 बजे माधवराव सिंधिया को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
