बलौदाबाजार नगर पालिका शपथ ग्रहण पर सियासी संग्राम, कांग्रेस-भाजपा में टकराव

बलौदाबाजार नगर पालिका शपथ ग्रहण में विवाद, भाजपा और कांग्रेस ने किए अलग-अलग समारोह

बलौदाबाजार (शिखर दर्शन) // बलौदाबाजार नगर में शनिवार का दिन राजनीतिक गहमागहमी से भरा रहा। नगर पालिका के अध्यक्ष और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रण पत्र को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गए। भाजपा प्रत्याशी और पार्षदों का शपथ ग्रहण जिला ऑडिटोरियम में हुआ, जबकि कांग्रेस पार्षदों ने नाराजगी जताते हुए अलग से नगरपालिका सभाकक्ष में शपथ ली।
भाजपा के नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन और पार्षदों को जिला ऑडिटोरियम में शपथ दिलाई गई, जिसमें प्रदेश के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा समेत अन्य नेता मौजूद रहे। वहीं, कांग्रेस पार्षदों ने आमंत्रण पत्र में अपने वरिष्ठ नेताओं के नाम न होने पर नाराजगी जताई और कार्यक्रम का बहिष्कार कर अलग से नगरपालिका सभाकक्ष में शपथ ग्रहण किया।

बलौदाबाजार एसडीएम अमित गुप्ता ने दोनों स्थानों पर शपथ दिलाई। कांग्रेस ने प्रशासन पर भाजपा के प्रभाव में काम करने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि भाजपा ने स्वस्थ परंपरा को दूषित किया और प्रशासन ने आमंत्रण पत्र में कांग्रेस नेताओं के नाम नहीं जोड़े। उन्होंने कलेक्टर दीपक सोनी का आभार जताते हुए कहा कि अलग से शपथ ग्रहण कराना कांग्रेस की जीत है।
इस पर राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की सरकार थी और अब नगर पालिका में ट्रिपल इंजन की सरकार बनी है। उन्होंने कांग्रेस के बहिष्कार को अनुचित बताते हुए कहा कि यह आयोजन प्रशासन की ओर से था, जिसमें सभी को शामिल होना चाहिए था।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अशोक जैन ने कहा कि जनता ने उन्हें फिर से जिम्मेदारी सौंपी है और वे नगर की सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत समस्याओं का समाधान करेंगे। कांग्रेस के बहिष्कार पर उन्होंने कहा कि सभी को आमंत्रण दिया गया था, यह उनकी सोच पर निर्भर करता है।

इस घटनाक्रम के बाद बलौदाबाजार का राजनीतिक माहौल गरमा गया है और आने वाले समय में नगर पालिका की राजनीति में और तनातनी देखने को मिल सकती है।