रायपुर संभाग

मुख्यमंत्री साय आज महिला पत्रकारों का करेंगे सम्मान… पीसीसी चीफ बैज दिल्ली दौरे पर… आज से रायपुर में पांच दिनों तक फ्री में बांटेगा हर्बल गुलाल… पढ़े और भी खबरें…

महिला पत्रकारों को मिलेगा सम्मान
रायपुर (शिखर दर्शन) // अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय महिला पत्रकारों का सम्मान करेंगे। यह कार्यक्रम ‘महतारी वंदन अभिनंदन’ समारोह के तहत दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री निवास में आयोजित होगा। इस अवसर पर महिला पत्रकारों की उत्कृष्ट रिपोर्टिंग और समाज निर्माण में उनके योगदान को सराहा जाएगा।

पीसीसी चीफ दीपक बैज दिल्ली दौरे पर
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज आज दिल्ली दौरे पर हैं, जहां वे कांग्रेस आलाकमान से मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि वे हाल ही में हुई कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए निर्णयों पर चर्चा करेंगे। साथ ही, छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में मिली हार के कारणों की रिपोर्ट सौंप सकते हैं। इसके अलावा, कांग्रेस के बागी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई और संगठन में संभावित बदलाव व नई नियुक्तियों पर भी मंथन होने की संभावना है।

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025: भारत-न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबला आज
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल मुकाबला आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। यह हाई-वोल्टेज मुकाबला दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगा। क्रिकेट प्रेमियों में इस मैच को लेकर जबरदस्त उत्साह है। राजधानी रायपुर में भी क्रिकेट प्रेमियों के लिए जगह-जगह बड़ी स्क्रीन लगाई गई हैं, जहां वे इस खिताबी मुकाबले का आनंद लेंगे।

सिंधी काउंसिल पांच दिनों तक बांटेगा हर्बल गुलाल
सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया, छत्तीसगढ़ इकाई, 9 से 13 मार्च तक निःशुल्क हर्बल गुलाल का वितरण करेगी। काउंसिल के प्रदेश अध्यक्ष ललित जैसिंघ ने बताया कि इसका शुभारंभ रविवार को दोपहर 12 बजे लाखेनगर सिंधी पंचायत से होगा। 10 मार्च को डॉ. एन.डी. गजवानी क्लिनिक राजेंद्रनगर, 11 मार्च को रायपुर रेलवे स्टेशन, 12 मार्च को तेलीबांधा व अरविंद दीक्षित वार्ड और 13 मार्च को भगवतीचरण वार्ड में नागरिकों को हर्बल गुलाल वितरित किया जाएगा।

राजधानी में आज ताइक्वांडो सिटी लीग का आयोजन
राजधानी रायपुर में आज शंकरनगर बीटीआई ग्राउंड के पास स्थित सिंधु मैरिज पैलेस हॉल में ‘ताइक्वांडो अस्मिता वुमन लीग’ का आयोजन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ ताइक्वांडो संघ के सचिव अनिल द्विवेदी ने बताया कि ‘खेलो इंडिया’ योजना के तहत महिला खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 5 सिटी लीग आयोजित की जाएंगी। इस लीग में प्रदेशभर से जूनियर और सीनियर वर्ग की महिला खिलाड़ी अपने खेल का प्रदर्शन करेंगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!