रायपुर संभाग
CG 10th Board Exam: पहले ही दिन हिंदी के पेपर में 5 हजार से ज्यादा छात्र अनुपस्थित

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) द्वारा आयोजित 10वीं बोर्ड परीक्षा की शुरुआत आज से हो गई। पहले दिन हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें 5720 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
माशिमं की सचिव पुष्पा साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष कक्षा 10वीं की परीक्षा के लिए कुल 3,23,227 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा के लिए प्रदेशभर में 2523 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
पहले दिन सूरजपुर जिले से नकल का एक मामला सामने आया है, जिसे परीक्षा नियमों के तहत दर्ज किया गया है। सचिव ने बताया कि जो विद्यार्थी पहले पेपर में अनुपस्थित रहे हैं, वे द्वितीय मुख्य परीक्षा में शामिल होकर परीक्षा दे सकते हैं।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में साल में दो बार बोर्ड परीक्षा आयोजित की जाती है, जिससे अनुपस्थित परीक्षार्थियों को दोबारा अवसर मिल सके।
