Blog

गिर नेशनल पार्क में पीएम मोदी ने किया लायन सफारी, हाथ में कैमरा लेकर खींची शेरों की तस्वीरें , देखें फोटो….

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। वर्ल्ड वाइल्डलाइफ डे (3 मार्च) के अवसर पर उन्होंने गिर नेशनल पार्क में लायन सफारी की और वन्यजीवों का अवलोकन किया। सफारी के दौरान पीएम मोदी का अलग अंदाज देखने को मिला, जहां वे हाथ में कैमरा लेकर शेरों की तस्वीरें क्लिक करते नजर आए। वे खुली जीप में सवार होकर जंगल भ्रमण पर निकले और एशियाई शेरों के साथ चीतों व अन्य वन्यजीवों को भी देखा।

वन्यजीव संरक्षण में भारत की उपलब्धियों पर पीएम मोदी का जोर

इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत वन्यजीवों के संरक्षण में अग्रणी है। उन्होंने बताया कि जहां अन्य देशों में बाघों की आबादी स्थिर या घट रही है, वहीं भारत में यह तेजी से बढ़ रही है। इसका कारण भारत की संस्कृति और समाज में जैव विविधता व पर्यावरण के प्रति स्वाभाविक लगाव है। उन्होंने कहा कि भारत इकोलॉजी और इकोनॉमी को अलग नहीं मानता, बल्कि दोनों के सह-अस्तित्व को महत्व देता है।

‘भविष्य के लिए पर्यावरण की सुरक्षा जरूरी’

पीएम मोदी ने पृथ्वी की जैव विविधता की रक्षा और संरक्षण पर बल देते हुए कहा कि हर प्रजाति का पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अहम योगदान होता है। उन्होंने लोगों से आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की रक्षा के लिए वन्यजीवों और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया।

सोमनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना

प्रधानमंत्री मोदी रविवार रात गिर नेशनल पार्क स्थित राज्य वन विभाग के गेस्ट हाउस सिंह सदन में रुके। इससे पहले उन्होंने सोमनाथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और राष्ट्र की समृद्धि व कल्याण की कामना की।

राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता करेंगे

सोमवार को पीएम मोदी गिर नेशनल पार्क के मुख्यालय में राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड (NBWL) की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में सीडीएस समेत 47 सदस्य शामिल होंगे, जिनमें राज्यों के प्रतिनिधि, वन्यजीव अधिकारी, सचिव और एनजीओ के सदस्य भी उपस्थित रहेंगे। बैठक के बाद प्रधानमंत्री गिर नेशनल पार्क की महिला कर्मचारियों से भी मुलाकात करेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!