रमजान में मस्जिदों के लाउडस्पीकर पर प्रतिबंध की मांग, संस्कृति बचाओ मंच ने उठाया मुद्दा

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्यप्रदेश में रमजान के दौरान मस्जिदों पर लाउडस्पीकर के इस्तेमाल को लेकर प्रतिबंध लगाने की मांग उठी है। संस्कृति बचाओ मंच ने इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि लाउडस्पीकर के बदले मोबाइल फोन के अलार्म से काम चलाया जाए।
संस्कृति बचाओ मंच के संयोजक चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि मस्जिदों में तेज आवाज में साउंड बजाया जा रहा है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि मस्जिदों के अंदर लाउडस्पीकर पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन ऊपर लगे माइक हटाए जाने चाहिए। मंच ने प्रशासन से समान व्यवहार की मांग की और चेतावनी दी कि यदि इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो नवरात्रि में छह आरतियों में लाउडस्पीकर का उपयोग किया जाएगा।
इस मांग को संत समाज का भी समर्थन मिला है। संत समिति के प्रदेश अध्यक्ष महंत अनिलानंद महाराज ने कहा कि इस समय परीक्षाओं का दौर चल रहा है और लाउडस्पीकर को लेकर सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन भी मौजूद है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी निर्देश दिए हैं, लेकिन प्रशासन ही नियमों की अनदेखी कर रहा है। उन्होंने शासन-प्रशासन से सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराने की मांग की।
