घायल कोबरा को युवक ने पहुंचाया अस्पताल, 7 टांके लगाकर बचाई गई जान

बुधनी (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश के बुधनी में एक सर्प मित्र ने अनोखी मिसाल पेश की। सड़क पर दर्द से तड़प रहे एक घायल कोबरा सांप को देखकर उसने तुरंत उसे रेस्क्यू किया और अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने सांप की गंभीर चोट का इलाज किया और 7 टांके लगाकर उसकी जान बचाई। इस साहसिक कार्य के बाद लोगों ने सांप के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
कचरे के ढेर में चोटिल हुआ कोबरा

यह घटना बुधनी के नर्मदा घाट की है, जहां नगर परिषद के कर्मचारी सफाई कार्य कर रहे थे। इसी दौरान एक कोबरा सांप कचरे के ढेर में घायल हो गया। इसकी जानकारी मिलते ही सर्प प्रेमी अशोक पारे मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि सांप के शरीर से खून बह रहा है। बिना देर किए उन्होंने उसे रेस्क्यू कर पशु चिकित्सालय पहुंचाया।
चिकित्सकों ने किया उपचार, निगरानी में रखा गया

अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने कोबरा का प्राथमिक उपचार किया और करीब 7 टांके लगाकर उसकी जान बचाई। फिलहाल सांप को सर्प मित्र की निगरानी में रखा गया है, और स्वस्थ होने के बाद उसे जंगल में छोड़ा जाएगा। जहरीले कोबरा की जान बचाने पर अशोक पारे की खूब सराहना हो रही है।
हजारों सांपों की कर चुके हैं रक्षा

अशोक पारे बुधनी के पीडब्ल्यूडी विभाग में अकाउंटेंट हैं, लेकिन उनका जुनून सांपों को बचाना है। उन्हें कहीं भी सांप के देखे जाने की सूचना मिलती है, तो वे तुरंत रेस्क्यू के लिए पहुंच जाते हैं। अब तक वे हजारों सांपों को बचा चुके हैं और लोगों को इनके प्रति जागरूक कर रहे हैं।
फसलों और पर्यावरण के लिए जरूरी हैं सांप

अशोक पारे का मानना है कि सांपों का संरक्षण बेहद जरूरी है क्योंकि वे प्राकृतिक संतुलन बनाए रखते हैं। भारत कृषि प्रधान देश है, जहां चूहे फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं। सांप इन चूहों और अन्य कीटों को नियंत्रित करने में मदद करते हैं, जिससे कृषि और पर्यावरण को बचाया जा सकता है।
