गुजरात दौरे का दूसरा दिन: सोमनाथ ज्योतिर्लिंग पहुंचे PM मोदी, विधि-विधान से की महादेव की पूजा

गुजरात (शिखर दर्शन) // प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन दिवसीय गुजरात दौरे के दूसरे दिन सौराष्ट्र स्थित प्राचीन श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे विधि-विधान से भगवान सोमनाथ महादेव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे रिलायंस फाउंडेशन के पशु बचाव एवं पुनर्वास केंद्र वनतारा के लिए रवाना हुए।
प्रधानमंत्री मोदी 01 मार्च की शाम जामनगर पहुंचे थे, जहां उन्होंने सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम किया। गुजरात के मंत्री मुलुभाई बेरा ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारका और गिर जिलों का भी दौरा करेंगे, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अपने दौरे के तीसरे दिन 03 मार्च को पीएम मोदी गिर राष्ट्रीय उद्यान में जंगल सफारी का आनंद लेंगे। इसके बाद सिंह सदन लौटकर वे राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड (NBWL) की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में वन्यजीव संरक्षण और राष्ट्रीय स्तर के पर्यावरणीय मुद्दों पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री की इस बैठक में मौजूदगी को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं, क्योंकि इसमें कई अहम निर्णय लिए जाने की संभावना है।

