मरवाही वनमंडल में 10 दिन पुराने भालू के शव मिलने पर लापरवाही, बीट गार्ड निलंबित, डिप्टी रेंजर को नोटिस

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (शिखर दर्शन) // मरवाही वनमंडल में करीब 8 से 10 दिन पुराने भालू के शव मिलने की सूचना देरी से देने पर वन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। लापरवाही के मामले में बीट गार्ड राकेश कुमार पंकज को निलंबित कर दिया गया है, जबकि डिप्टी रेंजर अश्वनी दुबे को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
सूचना में देरी पर कड़ी कार्रवाई
मरवाही वनमंडल में कुछ दिन पहले एक भालू का शव मिला था, जिसकी सूचना वन विभाग को समय पर नहीं दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए मरवाही वनमंडल के डीएफओ रौनक गोयल ने बीट गार्ड को निलंबित करने का आदेश जारी किया, जबकि डिप्टी रेंजर को जवाब तलब किया है।

स्वाभाविक मौत की पुष्टि
डीएफओ रौनक गोयल ने बताया कि भालू का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें उसके सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार भालू की मौत शिकार के कारण नहीं हुई, बल्कि उसकी उम्र अधिक होने के कारण स्वाभाविक मृत्यु की पुष्टि हुई है।
वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



