भोपाल में किसान आभार सम्मेलन: मुख्यमंत्री मोहन यादव को किसानों का समर्थन, गेहूं उपार्जन दर ₹2600 प्रति क्विंटल

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश के किसान राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों, निर्णयों और योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करेंगे। इसको लेकर भोपाल स्थित सीएम हाउस में किसान आभार सम्मेलन का आयोजन किया गया है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गेहूं उपार्जन की दर को बढ़ाकर ₹2600 प्रति क्विंटल कर दिया है, जो कि प्रदेश में अब तक का सबसे अधिक समर्थन मूल्य है। जबकि केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) ₹2425 प्रति क्विंटल है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने किसानों को ₹175 प्रति क्विंटल बोनस देने की घोषणा की है। साथ ही, धान उत्पादक किसानों को ₹4000 प्रति हेक्टेयर की अतिरिक्त सहायता राशि प्रदान करने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
- सुबह 9:30 बजे – मुख्यमंत्री उज्जैन से भोपाल पहुंचेंगे।
- 10:00 बजे – सिनर्जी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का लोकार्पण करेंगे।
- 11:00 बजे – इस्कॉन मंदिर में श्री श्री राधा गोविंद मंदिर के भूमिपूजन कार्यक्रम में भाग लेंगे।
- दोपहर 12:00 बजे – सीएम हाउस में किसान आभार सम्मेलन में शामिल होंगे।
- दोपहर 2:55 बजे – भोपाल से जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से कटनी के लिए रवाना होंगे।
- शाम 4:00 बजे – कटनी में औद्योगिक विकास पर बैठक करेंगे।
- शाम 5:55 बजे – कटनी से जबलपुर एयरपोर्ट लौटेंगे और 6:35 बजे जबलपुर से भोपाल वापस आएंगे।
प्रदेश सरकार द्वारा किसान कल्याण के लिए उठाए गए इन निर्णयों से किसान समुदाय में खुशी की लहर है, और वे मुख्यमंत्री मोहन यादव का समर्थन एवं आभार व्यक्त कर रहे हैं।
