शेयर बाजार में भारी गिरावट, 16 लाख का नुकसान झेल चुके बैंक कर्मी ने की आत्महत्या

नासिक (शिखर दर्शन) // शेयर बाजार में जारी भारी गिरावट के बीच महाराष्ट्र के नासिक जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। शेयर ट्रेडिंग में 16 लाख रुपये गंवाने के बाद 28 वर्षीय एक बैंक कर्मचारी ने आत्महत्या कर ली।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, नासिक के चंदवाड़ तालुका के विटाई निवासी राजेंद्र कोल्हे ने महाशिवरात्रि के अवसर पर त्र्यंबकेश्वर मंदिर में दर्शन करने के बाद पिंपलगांव बहुला में खुद को आग लगा ली। 90 फीसदी जल जाने के कारण जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि कोल्हे पहले एक निजी निवेश फर्म में काम करते थे और उन्होंने अपने परिवार को पैसे भेजने के बजाय शेयर बाजार में निवेश किया था। लगातार घाटे के चलते उन्होंने निवेश क्षेत्र छोड़कर नासिक में एक निजी बैंक में नौकरी कर ली थी, लेकिन वह अपनी बिगड़ती वित्तीय स्थिति को लेकर मानसिक तनाव में थे।
बाजार में ऐतिहासिक गिरावट
शेयर बाजार बीते कुछ महीनों से भारी दबाव में है। निफ्टी 50 अपने सर्वकालिक उच्च स्तर से 14% गिर चुका है, जबकि स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों में 25% से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। 27 सितंबर 2024 को बाजार उच्चतम स्तर पर था, लेकिन उसके बाद गिरावट के चलते बीएसई-सूचीबद्ध कंपनियों की कुल बाजार पूंजीकरण में 94 लाख करोड़ रुपये की कमी आई है।
इस गिरावट के पीछे वैश्विक अनिश्चितताएं प्रमुख वजह मानी जा रही हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के नए टैरिफ युद्ध के फैसले और फरवरी में हुई भारी बिकवाली के कारण बाजार लगातार दबाव में है। निफ्टी ने इस महीने 5.9% की गिरावट दर्ज की, जो कोविड-19 के बाद सबसे खराब मासिक गिरावट मानी जा रही है।
पुलिस ने इस आत्महत्या मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बाजार की मौजूदा स्थिति को देखते हुए विशेषज्ञ निवेशकों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं।