बीजेपी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की तलाश तेज, शिवराज सिंह चौहान सबसे प्रबल दावेदार

नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // दिल्ली विधानसभा चुनाव खत्म होते ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) इस मुद्दे पर मंथन कर रहे हैं। माना जा रहा है कि 10 से 20 मार्च के बीच नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा हो सकती है।
बीजेपी के नए अध्यक्ष की दौड़ में कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं, जिनमें शिवराज सिंह चौहान, धर्मेंद्र प्रधान, जी. किशन रेड्डी, बीएल संतोष, अर्जुन राम मेघवाल और मनोहर लाल खट्टर प्रमुख हैं। हालांकि, पार्टी सूत्रों के अनुसार, सबसे मजबूत दावेदार मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान माने जा रहे हैं।
शिवराज सिंह चौहान क्यों सबसे आगे?
शिवराज सिंह चौहान का नाम भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और RSS की पहली पसंद माना जा रहा है। वे चार बार मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और छह बार लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। उनकी जनप्रिय योजनाएं, जैसे ‘लाड़ली बहना योजना’, चुनावी सफलताओं में गेमचेंजर साबित हुई हैं।
- OBC समुदाय से आते हैं, जिससे जातीय समीकरण में मजबूत पकड़ रखते हैं।
- 13 साल की उम्र में RSS से जुड़े और इमरजेंसी के दौरान जेल भी गए।
- संगठनात्मक अनुभव—2005 में मध्यप्रदेश भाजपा के अध्यक्ष रह चुके हैं।
- मोदी-शाह की जोड़ी के पास उनके नाम पर कोई नेगेटिव पॉइंट नहीं है।
- हिंदी बेल्ट में लोकप्रियता, जहां आगामी विधानसभा चुनाव होने हैं।
दक्षिण भारत से अध्यक्ष बनाने पर भी मंथन
बीजेपी और RSS दक्षिण भारत से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने पर भी विचार कर रहे हैं, क्योंकि पिछले 20 वर्षों से दक्षिण भारतीय नेता पार्टी का अध्यक्ष नहीं बना है। दक्षिण भारत अभी भी भाजपा के लिए चुनौती बना हुआ है और इसे भेदने के लिए यह रणनीति अपनाई जा सकती है। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और तेलंगाना जैसे राज्यों में संगठन को मजबूत करने के लिए धर्मेंद्र प्रधान और जी. किशन रेड्डी का नाम भी चर्चा में है।
- धर्मेंद्र प्रधान (ओडिशा से) – संगठन में मजबूत पकड़, RSS से निकटता, UP चुनाव में प्रभावशाली भूमिका।
- जी. किशन रेड्डी (तेलंगाना से) – लंबे समय से पार्टी से जुड़े हैं, वर्तमान में केंद्रीय मंत्री हैं और तेलंगाना भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं।
दलित नेता को अध्यक्ष बनाने की चर्चा
सूत्रों के अनुसार, भाजपा दलित या OBC वर्ग से अध्यक्ष चुनने पर गंभीरता से विचार कर रही है। कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जो कि दलित समाज से आते हैं, उनके प्रभाव को संतुलित करने के लिए भाजपा भी दलित कार्ड खेल सकती है।
जेपी नड्डा का कार्यकाल खत्म, जल्द होगी घोषणा
वर्तमान भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल जनवरी 2024 में समाप्त हो गया था, जिसे लोकसभा चुनाव-2024 तक बढ़ाया गया था। हालांकि, अब पार्टी को नए अध्यक्ष की घोषणा करनी है।
जल्द हो सकता है ऐलान
बीजेपी में नियुक्तियां गोपनीय रखी जाती हैं, लेकिन संकेत मिल रहे हैं कि 10 से 20 मार्च के बीच नए अध्यक्ष का ऐलान हो सकता है। भाजपा के अगले अध्यक्ष का चयन कई राज्यों में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा।



