एमपी बोर्ड 10वीं की परीक्षा आज से शुरू, नकल रोकने के लिए कड़े इंतजाम, 9.53 लाख छात्र होंगे शामिल

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश में माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की 10वीं बोर्ड परीक्षा आज से शुरू हो गई। पहले दिन हिंदी का पेपर आयोजित किया गया। इस वर्ष परीक्षा में कुल 9.53 लाख छात्र शामिल हो रहे हैं। परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी, जो 19 मार्च तक जारी रहेगी।
परीक्षा केंद्रों पर कड़े नियम लागू किए गए हैं। छात्र परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट नहीं ले जा सकेंगे। माशिमं की गाइडलाइन के अनुसार, परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा, क्योंकि केंद्र के गेट सुबह 8:45 बजे बंद कर दिए जाएंगे।
सुबह परीक्षा केंद्रों के बाहर छात्रों के बैग रखवाए गए। परीक्षा पुस्तिकाएं 8:50 बजे और प्रश्नपत्र 8:55 बजे वितरित किए गए। सभी परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड और स्कूल आईडी कार्ड लाना अनिवार्य है। नकल रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त निगरानी की व्यवस्था की है।
