रायपुर में नगर निगम महापौर और पार्षदों का आज शपथ ग्रहण, विधानसभा बजट सत्र में होगी अहम चर्चा

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर मीनल चौबे और 70 वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह होगा। यह कार्यक्रम दोपहर 3 बजे रायपुर के इनडोर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, प्रभारी मंत्री केदार कश्यप, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
महापौर करेंगी MIC गठन
शपथ ग्रहण के बाद रायपुर नगर निगम की पहली सामान्य सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें महापौर मीनल चौबे अपने कार्यकाल की शुरुआत करते हुए महापौर इन काउंसिल (MIC) का गठन करेंगी। इस दौरान नगर निगम की विभिन्न समितियों का गठन और कार्ययोजना पर भी चर्चा होगी।
विधानसभा बजट सत्र का दूसरा दिन, कई अहम मुद्दों पर चर्चा
छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा दिन आज जारी है। प्रश्नकाल में डिप्टी सीएम अरुण साव और मंत्री लखनलाल देवांगन अपने विभागों से संबंधित सवालों के जवाब देंगे। सहकारिता मंत्री केदार कश्यप सदन में दो प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे, वहीं विधायक अजय चंद्राकर, उमेश पटेल और शकुंतला सिंह पोर्ते राजस्व मामलों में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पेश करेंगे। इसके अलावा, राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा से भी महत्वपूर्ण मामलों पर चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री साय का रायपुर और जशपुर दौरा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर और जशपुर के दौरे पर रहेंगे। सुबह 11 बजे वे विधानसभा बजट सत्र में शामिल होंगे और दोपहर 3 बजे नगर निगम शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेंगे। इसके बाद वे शाम 4 बजे रायपुर से जशपुर के लिए रवाना होंगे, जहां वे ग्राम बगिया स्थित अपने निज निवास में रात्रि विश्राम करेंगे।
कांग्रेस आज ईडी को देगी सुकमा और कोंटा कांग्रेस भवन की जानकारी
कांग्रेस आज प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को सुकमा और कोंटा कांग्रेस भवन से संबंधित जानकारी सौंपेगी। ईडी ने समन जारी कर चार प्रमुख बिंदुओं पर विवरण मांगा है, जिसमें भवन निर्माण की तिथि, ठेकेदारों की जानकारी, भूमि खरीद का विवरण और निर्माण लागत शामिल है। इसके अलावा, ईडी ने यह भी पूछा है कि निर्माण के लिए धनराशि कहां से आई।
स्वर्गारोहण महोत्सव का आयोजन
रायपुर में आज दादा गुरुदेव जिनकुशल सूरी के 692वें स्वर्गारोहण महोत्सव का आयोजन होगा। यह कार्यक्रम भैरव सोसायटी स्थित श्री सीमंधर स्वामी जैन मंदिर और दादा बाबा में संपन्न होगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे इकतीसा जाप से होगी, जिसके बाद 10 बजे दादा गुरुदेव की विशेष पूजा अर्चना की जाएगी। दोपहर 12:30 बजे श्री नाकोड़ा जैन भवन में गुरुप्रसादी का आयोजन होगा, वहीं रात 8 बजे गुणानुवाद सभा और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
— शिखर दर्शन
