रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में ऐतिहासिक फिल्म ‘छावा’ टैक्स फ्री, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने की घोषणा

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में अब दर्शक ऐतिहासिक वीर गाथा पर आधारित हिंदी फिल्म ‘छावा’ को टैक्स फ्री देख सकेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसकी घोषणा आज राजिम कुंभ के समापन के बाद मीडिया से चर्चा के दौरान की। उन्होंने कहा कि यह निर्णय प्रदेश की जनता को देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने और युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम एवं शौर्य की भावना जागृत करने के उद्देश्य से लिया गया है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा, “छावा केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि वीरता, स्वाभिमान और ऐतिहासिक परंपराओं की गाथा है। इसे हर नागरिक को देखना चाहिए। यह फिल्म युवा वर्ग को प्रेरित करेगी और छत्रपति संभाजी महाराज के शौर्य, बलिदान और नेतृत्व को व्यापक रूप से प्रस्तुत करेगी।”

राज्य सरकार के इस फैसले से अब सिनेमाघरों में दर्शकों को टिकट के दाम में राहत मिलेगी, जिससे अधिक से अधिक लोग इस फिल्म को देख सकेंगे और भारतीय इतिहास की समृद्ध विरासत से प्रेरणा ले सकेंगे।

गौरतलब है कि ‘छावा’ फिल्म छत्रपति शिवाजी महाराज के पुत्र छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित है। उन्होंने मुगलों और अन्य आक्रांताओं के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपने अदम्य साहस, रणनीतिक कौशल और बलिदान की अमर गाथा लिखी। यह फिल्म उनके अदम्य साहस और बलिदान को जीवंत करती है और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करती है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रभक्ति से जुड़ी फिल्मों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रदेशवासियों, विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे इस फिल्म को अवश्य देखें और भारतीय इतिहास के स्वर्णिम अध्यायों से प्रेरणा लें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!