दिल्ली भूकंप : तेज गड़गड़ाहट, गलियों में भागते लोग और घबराकर उड़ते पक्षी – ऐसा था दिल्ली-NCR में भूकंप का नजारा

नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // राजधानी दिल्ली और एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में आज सुबह तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.0 मापी गई, और इसका केंद्र धौलाकुआं के पास झील पार्क में पांच किलोमीटर की गहराई में था। हालांकि, अब तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
सुबह 5:36 बजे अचानक हिली धरती, नींद से जागे लोग
भूकंप का झटका इतनी तेज़ी से आया कि दिल्ली-एनसीआर की गलियां कुछ ही सेकंड में लोगों से भर गईं। सुबह 5:36 बजे जब अधिकांश लोग गहरी नींद में थे, तभी तेज़ गड़गड़ाहट सुनाई दी और खिड़कियों के शीशे, फर्नीचर और छत के पंखे हिलने लगे। जो लोग जगे हुए थे, उन्होंने महसूस किया कि घरों में RO और अन्य वस्तुएं कांप रही थीं। कई इलाकों में लोगों ने ऐसा अनुभव किया जैसे कोई ट्रेन ज़मीन के अंदर दौड़ रही हो।
गाजियाबाद के लोगों ने कहा— “ऐसा लगा कि धरती फटने वाली है”
गाजियाबाद के रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि यह झटका काफी तेज़ था। उन्होंने कहा, “ऐसा लगा जैसे धरती के अंदर कोई बड़ी हलचल हो रही हो। पूरी बिल्डिंग हिल गई। इससे पहले इतना तेज़ भूकंप कभी महसूस नहीं किया।” वहीं, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने भी झटकों को महसूस किया और बताया कि उन्हें लगा जैसे कोई ट्रेन ज़मीन के नीचे दौड़ रही हो।
दिल्ली-एनसीआर भूकंपीय क्षेत्र-IV में, बड़ा भूकंप आने का रहता है खतरा
दिल्ली-एनसीआर भूकंपीय क्षेत्र-IV में आता है, जहां मध्यम से तीव्र भूकंप आने की संभावना बनी रहती है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस क्षेत्र में समय-समय पर भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं, लेकिन इस बार भूकंप का केंद्र दिल्ली के करीब होने से प्रभाव ज्यादा था। कई दशकों बाद राजधानी के इतने नज़दीक भूकंप का केंद्र दर्ज किया गया है।
अब तक कोई नुकसान नहीं, लेकिन दहशत में लोग
अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है, लेकिन भूकंप की तीव्रता को देखते हुए लोग डरे हुए हैं। विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने और किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में खुले स्थानों पर जाने की सलाह दी है। प्रशासन ने भी भूकंप के झटकों के बाद स्थिति पर नज़र बनाए रखी है।
