दिल्ली

दिल्ली समेत उत्तर भारत में भूकंप के तेज झटके, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग

नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में  सुबह तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोग दहशत में आ गए। जब अधिकांश लोग गहरी नींद में थे, तभी सुबह 5:36 बजे आए इस जोरदार भूकंप ने राजधानी सहित कई शहरों को हिला दिया। भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.0 मापी गई, और इसका केंद्र दिल्ली के धौलाकुआं के पास झील पार्क के नजदीक, 5 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।

दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में महसूस हुए झटके

भूकंप के झटके सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं रहे, बल्कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई इलाकों में भी महसूस किए गए। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद, सहारनपुर, अलवर, मथुरा और आगरा तक कंपन दर्ज किया गया, जबकि हरियाणा के कुरुक्षेत्र, हिसार और कैथल में भी झटके महसूस हुए।

डर के मारे घरों से बाहर निकले लोग

भूकंप इतना तेज था कि दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में इमारतें हिलने लगीं, पंखे और फर्नीचर कांपने लगे, और खिड़की-दरवाजों से आवाजें आने लगीं। भयभीत लोग अपने घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों में चले गए। कुछ जगहों पर पेड़ों पर बैठे पक्षी भी तेज आवाज के साथ उड़ते नजर आए

दिल्ली पुलिस और पीएम मोदी की अपील

भूकंप के बाद दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की और किसी भी आपात स्थिति में 112 हेल्पलाइन पर संपर्क करने को कहा। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “दिल्ली और आसपास के इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। सभी से शांत रहने और सुरक्षा सावधानियों का पालन करने की अपील करता हूं। अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।”

भूकंप क्यों था ज्यादा असरदार?

दिल्ली-एनसीआर भूकंपीय क्षेत्र-IV में आता है, जहां मध्यम से तीव्र भूकंप आने की संभावना रहती है। विशेषज्ञों के मुताबिक, इस बार भूकंप का केंद्र दिल्ली के पास होने और गहराई कम होने के कारण कंपन ज्यादा तेज महसूस हुआ। दशकों बाद दिल्ली के इतने नजदीक भूकंप का केंद्र रहा है, जिससे इसका प्रभाव अधिक देखा गया।

फिलहाल किसी नुकसान की खबर नहीं

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं मिली है। लेकिन विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर पुरानी इमारतों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!