ओंकारेश्वर में विदेशी पर्यटक की मौत: दर्शन के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत, कुछ घंटों में तोड़ा दम, पुलिस ने फ्रांस एंबेसी से किया संपर्क

खंडवा (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में ओंकारेश्वर दर्शन के दौरान एक विदेशी पर्यटक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान डेलोर्म स्टेफन (फ्रांस नागरिक) के रूप में हुई है। वह टूरिस्ट वीजा पर 22 जनवरी को भारत आया था और ओंकारेश्वर में दर्शन करने के दौरान उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई।
बताया जा रहा है कि स्टेफन का ऑक्सीजन लेवल अचानक गिर गया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। तत्काल उसे प्राथमिक इलाज के बाद खंडवा जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन कुछ घंटों बाद उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने मृतक के बैग से मोबाइल, फ्रांसीसी करेंसी, वीजा-पासपोर्ट और कैमरा बरामद किया है। पुलिस उसके मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रही है ताकि परिजनों को सूचित किया जा सके। इसके अलावा, फ्रांस एंबेसी से भी संपर्क कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है।

यह घटना ओंकारेश्वर में विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी सवाल खड़े कर रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
