महाकुंभ यात्रा के दौरान हादसे: मैहर में चार वाहन टकराए, पन्ना में कार गड्ढे में गिरी, भिंड में पलटी ट्रैवलर; 30 श्रद्धालु घायल

महाकुंभ यात्रा के दौरान तीन जिलों में सड़क हादसे, 30 श्रद्धालु घायल
मैहर/पन्ना/भिंड (शिखर दर्शन) // महाकुंभ यात्रा के दौरान तीन अलग-अलग जिलों में सड़क हादसे हुए, जिनमें कुल 30 श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
मैहर: ओवरटेक के प्रयास में चार वाहनों की टक्कर, 12 श्रद्धालु घायल

पहली दुर्घटना मैहर जिले के खेरवासानी ओवरब्रिज के पास हुई, जहां ओवरटेक कर रही एक गाड़ी को बचाने के प्रयास में बस, स्कॉर्पियो, तूफान और ऑल्टो के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में वाहन सवार 12 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी श्रद्धालु महाकुंभ के लिए प्रयागराज जा रहे थे।
पन्ना: नींद की झपकी के कारण कार गड्ढे में गिरी, 6 लोग घायल

दूसरी घटना पन्ना के सारंग धाम के पास हुई, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी। हादसे में एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए, जो कि जगात चौकी और कटरा बाजार के निवासी बताए जा रहे हैं। वे प्रयागराज कुंभ से स्नान कर लौट रहे थे, तभी ड्राइवर को झपकी आने से कार का संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया।
भिंड: प्रयागराज जा रही ट्रैवलर पलटी, एक दर्जन श्रद्धालु घायल
तीसरी दुर्घटना भिंड जिले के बंजारापुरा के पास हुई, जहां ग्वालियर से प्रयागराज जा रही एक ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 12 श्रद्धालु घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए गोहद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रैवलर में दो परिवारों के लोग सवार थे, जो महाकुंभ यात्रा पर जा रहे थे।
प्रशासन ने घायलों के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की है और हादसों के कारणों की जांच की जा रही है।
