कांकेर में BJP का धमाका, कांग्रेस का पांच दशक पुराना किला ध्वस्त

कांकेर (शिखर दर्शन) // कांकेर नगर पालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए कांग्रेस के पांच दशक पुराने गढ़ को ध्वस्त कर दिया है। नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी अरुण कौशिक ने कांग्रेस के जितेंद्र सिंह ठाकुर को 3,807 मतों से पराजित कर पहली बार नगर पालिका पर कब्जा जमाया। कांकेर में पिछले 50 वर्षों से कांग्रेस का दबदबा था, लेकिन इस बार जनता ने बदलाव का संकेत देते हुए बीजेपी को समर्थन दिया।
ऐसे BJP ने किया कांकेर नगर पालिका पर कब्जा
इस चुनाव में अरुण कौशिक को कुल 10,309 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी जितेंद्र सिंह ठाकुर को 6,502 वोट ही प्राप्त हुए। चुनाव परिणाम के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया और पूरे शहर में जश्न का माहौल बन गया।
नगर पालिका के 21 वार्डों में से 11 पर बीजेपी और 10 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की। हालाँकि, अध्यक्ष पद पर निर्णायक जीत के साथ बीजेपी ने नगर पालिका की सत्ता अपने हाथों में ले ली है।
BJP प्रत्याशी अरुण कौशिक का बयान
जीत के बाद अरुण कौशिक ने जनता को धन्यवाद देते हुए कहा, “यह जीत जनता की है। कांकेर के विकास के लिए हम पूरी ईमानदारी और मेहनत से काम करेंगे। एक महीने के भीतर बदलाव दिखने लगेगा।”
वार्डवार विजयी प्रत्याशियों की सूची
BJP विजयी वार्ड:
- संजय नगर
- अलबेला पारा
- आमापारा
- शिवनगर
- जवाहर वार्ड
- मांझा पारा
- सुभाष वार्ड
- अन्नपूर्णा पारा
- एमजी वार्ड
- अघननगर
- जनकपुर वार्ड
कांग्रेस विजयी वार्ड:
- उदय नगर
- शीतलापारा
- महुरबंदपारा
- श्रीरामनगर
- भंडारी पारा
- महादेव वार्ड
- शांति नगर
- कंकालिन पारा
- बरदेभाटा
- राजापारा
भानुप्रतापपुर में भी BJP का परचम
कांकेर के साथ-साथ भानुप्रतापपुर नगर पंचायत में भी बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन किया। यहां भी बीजेपी प्रत्याशी ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की।
पखांजूर नगर पंचायत में BJP का दबदबा
पखांजूर नगर पंचायत चुनाव में भी बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन किया और नारायण साहा को अध्यक्ष पद पर विजयी बनाया। अधिकांश वार्डों में बीजेपी के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की।
चारामा में कांग्रेस को राहत, अंतागढ़ में BJP का दबदबा
चारामा नगर पंचायत में कांग्रेस ने जीत दर्ज की, जहां अध्यक्ष पद पर भुनेश्वर नागराज ने जीत हासिल की। वहीं, अंतागढ़ नगर पंचायत में बीजेपी ने बड़ी बढ़त बनाई और अध्यक्ष पद पर राधेलाल नाग विजयी रहे।
राजनीतिक समीकरणों में बड़ा बदलाव
इस जीत के साथ कांकेर नगर पालिका में बीजेपी की एंट्री ने छत्तीसगढ़ की सियासत में नया संकेत दिया है। वर्षों तक कांग्रेस के अभेद्य गढ़ माने जाने वाले कांकेर में अब बीजेपी के शासन की शुरुआत हो गई है। इस नतीजे से राज्य की राजनीति में नए समीकरण बनते दिख रहे हैं, जिससे आगामी चुनावों पर भी असर पड़ सकता है।